Khan Sir की कोचिंग पर हमले का आया VIDEO, खान कोचिंग सेंटर बंद, छात्र धरने पर बैठे
सीसीटीवी और पुलिस जांच में फायरिंग नहीं दिखने पर खान सर 10 राउंड फायरिंग के बयान से पलट गए. जानिए क्या कहा?

Published : June 3, 2026 at 11:23 AM IST
पटना: राजधानी पटना में खान सर के कोचिंग पर हमला मामले में घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. वीडियो में एक युवक सुरक्षा गार्ड के पीछे-पीछे आता है और उसे बुलाकर ले जाता है. विरोध करने पर उसे धक्का देते हुए गली के बाहर ले जाता है. इतने में कुछ और उपद्रवी जुट जाते हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं.
सीसीटीवी में नहीं दिखी फायरिंग की घटना: सीसीटीवी फुटेज में कहीं भी गोलीबारी की कोई तस्वीर नहीं है और ना ही किसी के हाथ में हथियार दिखाई दे रहा है. फुटेज में मारपीट, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की जा रही है. इस दौरान कुछ लोग कोचिंग के बोर्ड को भी उखाड़ते नजर आ रहे हैं. पोस्टर बैनर फाड़ रहे हैं. वीडियो में दिख रहे उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया, लेकिन फायरिंग की घटना नहीं दिख रही है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या खान सर ने छात्रों को गुमराह करने का काम किया?.

खान सर का बयान: चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुआ हमला मामले में नया मोड़ आया. शुरुआती बयान में खान सर ने मीडिया के सामने कहा था कि, 'मैंने अपनी आंखों से देखा है कि 10 राउंड फायरिंग हुई है.' लेकिन, जब पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की तो खान सर अपने बयान से पलट गए. कहा "माहौल ऐसा था कि समझ नहीं आया, सुरक्षा गार्ड के कहने पर बयान दिया था." हालांकि घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर खान सर ने धन्यवाद दिया.

"हम अब तक पुलिस की कार्रवाई से खुश हैं. सीनियर पुलिस अधिकारी, दूसरे लोगों के साथ, पूरी रात यहां मौजूद थे. हमारी सुरक्षा के लिए करीब 50-70 पुलिस वाले तैनात थे. हमें सुरक्षा देने के लिए एडमिनिस्ट्रेशन को धन्यवाद देता हूं." -खान सर, कोचिंग संचालक
कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों की भीड़: इधर, हमले की घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग पहुंचे, लेकिन खान सर ने क्लास लेने से इनकार कर दिया. छात्र-छात्राएं कोचिंग के बाहर सड़क पर बैठ गए हैं. हमले को लेकर विरोध जता रहे हैं. बुधवार की सुबह से कोचिंग के बाहर खान सर के समर्थन में छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई है. एक छात्रा ने कहा कि इस तरह नहीं करना चाहिए. जो भी किया है गलत किया है. हमलोग सुबह से कोचिंग के बाहर मौजूद हैं, लेकिन हमलोगों की क्लास नहीं ली जा रही है.

सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस: इधर, घटना को लेकर पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे थे. उन्होंने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है. हालांकि हमले की पुष्टि की है. पुलिस के अनुसार कोचिंग के बाहर तोड़फोड़ और मारपीट हुई है. एक सुरक्षा गार्ड घायल है, जिसका इलाज चल रहा है. उससे घटना की जानकारी ली गई है. पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की, जिसके माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है.
"असामाजिक तत्वों के द्वारा मारपीट और पथराव की घटना हुई है. फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है, जिसके आधार पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है." -कार्तिकेय के शर्मा, एसएसपी, पटना
क्या है मामला: मंगलवार की शाम कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला किया गया. असामाजिक तत्वों ने कोचिंग के बाहर तोड़फोड़ मचाई और कोचिंग के गार्ड के साथ मारपीट की, जिसका इलाज पीएमसीएच में चल रहा है. इस घटना के बाद पटना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. कोचिंग सेंटर के बाहर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
ये भी पढ़ें:

