पटना के कोचिंग संस्थान में छात्रा की मौत मामला: परिजनों ने जताई गंभीर आशंका, लोगों ने किया प्रदर्शन
पटना में एक बार फिर से छात्रा की मौत के मामले पर बाल है. जगह-जगह हंगामा देखने को मिला है. पढ़ें खबर

Published : February 13, 2026 at 6:57 PM IST
पटना : बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि एक और छात्रा की संदिग्ध मौत ने ऊबाल ला दिया है. अब इसको लेकर हंगामा हो रहा है.
जमकर हुआ विरोध प्रदर्शन : शुक्रवार को घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने एम्स गोलंबर के पास सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. कुछ स्थानों पर आगजनी भी की गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित किया.

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग : स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायिक जांच आयोग के गठन की मांग उठाई है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष होगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
''घटना की जांच एसआईटी नहीं करे, बल्कि न्यायिक जांच की जाए. क्योंकि एसआईटी और बिहार पुलिस पर विश्वास नहीं है. संपूर्ण बिहार में लगातार घटनाएं घट रही हैं. कहते हैं कानून का राज है, ये कैसा कानून का राज है? यह तो दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थिति है.''- गोपाल रविदास, पूर्व विधायक

SSP मौके पर पहुंचे : मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के सीनियर एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
क्या है पूरा मामला? : दरअसल, गुरुवार को पटना के फुलवारी शरीफ स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने गई 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या कर उसे कोचिंग संस्थान की छत के चौथे माले से नीचे गिराया गया.
परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो छात्रा के शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए. इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की.
दिनांक 12.02.2026 को #फुलवारीशरीफ थानांतर्गत एम्स गोलंबर के समीप एक बच्ची की छत से गिरने से मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई।
— Patna Police (@PatnaPolice24x7) February 12, 2026
सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई। शव की पहचान करते हुए उसे पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा गया है।
घटनास्थल से साक्ष्य… pic.twitter.com/F5W23Mw6e7
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार : पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेजा, जहां मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया. अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट तीन से चार दिनों में आने की संभावना है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया.
ये भी पढ़ें :-
पटना में 12वीं छात्रा की मौत, परिवार का आरोप- 'कोचिंग की चौथी मंजिल से फेंका'

