ETV Bharat / state

पत्नी ने की दूसरी शादी तो पूरे परिवार को आग में झोंका

आरोपी पहली पत्नी की दूसरी शादी से नाराज था. उसने पीड़ित के घर में जबरन घुसकर ज्वलनशील पदार्थ छिड़का और आग लगा दी. पढ़ें खबर-

PATNA MAN SETS EX WIFE HOME ON FIRE
डॉ. गौरव कुमार , एसडीपीओ, पटना सिटी-02 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 20, 2026 at 8:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार की राजधानी पटना में चौक थाना क्षेत्र की राजाराम गली में आगजनी की सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां बुधवार सुबह एक घर में अचानक भीषण आग और धुआं उठने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

चीख-पुकार और रेस्क्यू: आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर लोग मदद के लिए बुरी तरह चिल्ला रहे थे. इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इस हादसे की सूचना दी.

देखें रिपोर्ट (ETV Bharat)

सुरक्षित बाहर निकाला: पटना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए घर के अंदर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.

घायलों की पहचान: पटना सिटी-02 के एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि इस घटना में पुरुषोत्तम अग्रवाल, मुन्नी देवी, नीलम देवी और एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया है.

दूसरी शादी से गुस्सा: घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मुन्नी देवी ने लगभग 15 दिन पहले अपने पहले पति कन्हाई कुमार को छोड़कर गोविंद अग्रवाल से दूसरी शादी की थी. इसी बात को लेकर पहला पति कन्हाई कुमार लगातार नाराज चल रहा था.

"आरोपी बुधवार सुबह कंगन घाट के पास से ज्वलनशील पदार्थ खरीदकर आया था, जिसके बाद उसने गोविंद अग्रवाल के घर में जबरन घुसकर पदार्थ छिड़का और पूरे कमरे में आग लगा दी"- डॉ. गौरव कुमार, एसडीपीओ, पटना सिटी-02

सीसीटीवी से खुलासा: पुलिस की प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से यह बात साफ तौर पर सामने आई है कि आरोपी कन्हाई कुमार ने ही इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया है. वारदात के बाद पुलिस मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

लोकेशन की ली जानकारी: पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि घटना को अंजाम देने से ठीक पहले आरोपी ने गोविंद अग्रवाल को फोन किया था. आरोपी कन्हाई कुमार ने फोन कर उसकी लोकेशन की पूरी जानकारी ली थी.

लाखों रुपए का विवाद: पीड़ित गोविंद अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि तलाक से पहले कन्हाई कुमार ने उससे करीब साढ़े तीन लाख रुपए लिए थे और वह लगातार और पैसों की मांग भी कर रहा था. इस एंगल पर भी पुलिस टीम काम कर रही है.

आरोपी भी झुलसा: एसडीपीओ डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी कन्हाई कुमार भी आग की चपेट में आकर खुद झुलस गया है और उसे भी हिरासत में लेकर अस्पताल में पुलिस कस्टडी के अंदर इलाज कराया जा रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

इसे भी पढ़ें

कटिहार में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा एक्शन, 10 बुलडोजर ने ढहा दिया सैकड़ों परिवारों का घर

लखनऊ में भीषण आग से 250 झोपड़ियां राख, 2 मासूम बहनों की दर्दनाक मौत