मोकामा में सोनू-मोनू के पिता अधिवक्ता प्रमोद सिंह गिरफ्तार, भेजे गए जेल
पटना पुलिस ने मोकामा से सोनू-मोनू के पिता अधिकवक्ता प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. जानें पूरा मामला.

Published : June 26, 2026 at 7:43 AM IST
पटना: बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा के नौरंगा जलालपुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पचमहला पुलिस ने सोनू-मोनू के पिता पूर्व मुखिया सह हाईकोर्ट अधिवक्ता प्रमोद सिंह को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है. इस छापेमारी का नेतृत्व खुद बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण कर रहे थे, जिसमें चार थानों के 50 से 60 जवान शामिल थे.
23 मार्च की छापेमारी का मामला: प्रमोद सिंह की यह गिरफ्तारी पचमहला थाना कांड संख्या 27/26 के तहत हुई है. 23 मार्च को अवैध बालू खनन की सूचना पर पचमहला के तत्कालीन थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने गंगा में छापेमारी की थी. उस दौरान वहां जेसीबी और 5-6 ट्रैक्टरों से अवैध बालू का खनन किया जा रहा था.

कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तारी: पुलिस को देखकर भाग रहे अपराधियों की घेराबंदी कर तलाशी ली गई. इस दौरान एक अपराधी के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा और मोबाइल बरामद हुआ था. इसी कार्रवाई के दौरान प्रमोद सिंह पर पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा था.
मौके से बाइक लेकर हुए थे फरार: मामले के अनुसंधानकर्ता सिपाही रामप्रवेश चौधरी के अनुसार, छापेमारी के वक्त प्रमोद सिंह, विपुल और सौरभ सहित 15-20 लोगों की भीड़ ने पुलिस पर दबाव बनाया. इस दौरान आरोपी प्रमोद सिंह पुलिस के कब्जे से एक जब्त मोटरसाइकिल को जबरन मुक्त कराकर मौके से लेकर फरार हो गए थे.

फायरिंग मामले में मिली थी राहत: अधिवक्ता प्रमोद सिंह और उनके बेटों सोनू-मोनू व सौरभ सिंह पर पिछले महीने पैक्स अध्यक्ष मुकेश सिंह और पूर्व विधायक अनंत सिंह पर फायरिंग का भी मामला दर्ज हुआ था. हालांकि, इस फायरिंग केस में प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी पर अदालत से रोक लगी हुई थी, इसलिए पुलिस ने उन्हें पुराने मामले में दबोचा गय़ा.
सोनू-मोनू को गिरफ्तार करने पहुंची थी पुलिस: बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष मुकेश सिंह पर फायरिंग मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सोनू सिंह और सौरभ सिंह को पकड़ने के लिए यह छापेमारी की गई थी. मोकामा, हाथीदह, मरांची और पचमहला थाना पुलिस के साथ बदमाशों के घर की नाकेबंदी कर तलाशी ली गई.
"छापेमारी के समय मुख्य आरोपी सोनू और सौरभ घर पर मौजूद नहीं थे. इसके बाद पुलिस ने मौके से सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोपी पिता प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया. थाने में पूछताछ के बाद पचमहला पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत प्रमोद सिंह को बाढ़ जेल भेज दिया है." -रामकृष्ण, एसडीपीओ, बाढ़
ये भी पढ़ें:
- मोकामा फायरिंग केस: सोनू-मोनू की गिरफ्तारी के लिए 8 जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी
- पटना SSP का बड़ा एक्शन, सोनू-मोनू गैंग के गुर्गों को तलाशी देने वाले दो SHO सस्पेंड
- सोनू-मोनू के घर छापेमारी करने पहुंची थी पुलिस, समर्थकों ने पुलिसकर्मियों की ही तलाशी ले ली
- अनंत सिंह के समर्थक पर सोनू-मोनू गैंग ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे सरपंच पति.. जानें मामला

