ETV Bharat / state

UPSC प्रीलिम्स 2026: अलर्ट मोड में पटना प्रशासन, 79 केंद्रों पर 39 हजार अभ्यर्थी

पटना प्रशासन UPSC CSE प्रीलिम्स 2026 के लिए अलर्ट, 79 केंद्रों पर अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे. यहां जानें पूरी डिटेल-

UPSC CSE Prelims 2026
सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 24, 2026 at 8:10 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: पटना प्रशासन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 के स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है. परीक्षा आज रविवार, 24 मई 2026 को हो रही है. पटना प्रमंडल आयुक्त सह समन्वयी पर्यवेक्षक मयंक वरवड़े ने कहा कि परीक्षा का कदाचारमुक्त और गरिमापूर्ण संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

79 परीक्षा केंद्रों पर 39,147 अभ्यर्थी: राजधानी पटना में कुल 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 39,147 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा दो पालियों में हो रही है. पहली पाली सुबह और दूसरी पाली दोपहर में आयोजित की जाएगी.

30 जोन और मजबूत सुरक्षा तैनाती: 79 परीक्षा केंद्रों के लिए 30 जोन बनाए गए हैं. प्रत्येक केंद्र पर स्थानीय निरीक्षण अधिकारी और सहायक पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही 30 जोनल दंडाधिकारी, 16 सुरक्षित दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान: परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों और अधिकारियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है. शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार का जाम न लगे.

कदाचार पर पूर्ण शून्य सहनशीलता: परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. केंद्रों के मुख्य द्वार पर लगातार उद्घोषणा की जाएगी. यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य की परीक्षाओं से भी वंचित किया जा सकता है.

सख्त प्रवेश नियम, प्रेक्षक और नियंत्रण कक्ष: प्रथम पाली में सुबह 9 बजे और द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा. परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी को हॉल छोड़ने की अनुमति नहीं होगी. चार वरिष्ठ IAS अधिकारियों को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है तथा एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. प्रशासन ने भरोसा जताया है कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त होगी.

अधिकारियों को दी गई विस्तृत ब्रीफिंग: परीक्षा को लेकर स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई थी. आयुक्त मयंक वरवड़े, जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा और UPSC प्रतिनिधियों ने सभी अधिकारियों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई है.

UPSC दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन: आयुक्त मयंक वरवड़े ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि UPSC के दिशा-निर्देशों का अच्छे से पालन किया जाए. उन्होंने परीक्षा की गरिमा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने पर जोर दिया है.

"सभी स्थानीय निरीक्षण अधिकारी ने अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया है और आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप सभी तैयारियों की समीक्षा कर रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय में जमा कर दी है. परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी."-मयंक वरवड़े, आयुक्त

पढ़ें: UPSC में किसान के बेटे बसवराज का कमाल, IFS की परीक्षा में टॉप करके रच दिया इतिहास