SNMMCH में भर्ती मरीज की मौत, परिजनों ने ऑक्सीजन की कमी का लगाया आरोप
SNMMCH धनबाद में भर्ती मरीज की मौत के बाद परिजनों ने इसके लिए ऑक्सीजन की कमी को जिम्मेदार ठहराया.

Published : May 21, 2026 at 6:27 PM IST
धनबाद: कोयलांचल का सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में एक युवक की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. बलियापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी 22 वर्षीय जयदेव महतो की इलाज के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जयदेव पंडाल में मजदूरी का काम करता था और जहर सेवन के बाद गंभीर हालत में उसे SNMMCH में भर्ती कराया गया था. ICU में उसका इलाज चल रहा था.
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में ऑक्सीजन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण युवक की जान चली गई. घटना के बाद परिजन काफी आक्रोशित दिखे और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों का कहना था कि समय पर सही तरीके से ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराया गया.
इधर सूचना मिलने पर भाजपा नेत्री तारा देवी अस्पताल पहुंचीं और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. इस दौरान उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग बड़े-बड़े दावे तो कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है. उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और लापरवाही के कारण एक गरीब मजदूर की जान चली गई. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
वहीं पूरे मामले पर SNMMCH के अधीक्षक डॉ. डीके गिंदौरिया ने कहा कि अस्पताल में किसी भी मरीज की मौत ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि बुधवार को ठनका गिरने की वजह से ऑक्सीजन प्लांट में तकनीकी खराबी आई थी, लेकिन तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई थी. अधीक्षक के अनुसार अस्पताल में जंबो सिलेंडर के जरिए सभी मरीजों को लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि खुद रात में अस्पताल पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण किया गया और किसी मरीज को ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी गई.
ये भी पढ़ें:
SNMMCH धनबाद के आईसीयू तक में नहीं चल रहे एसी और पंखा, हाथ पंखे के सहारे रह रहे मरीज
SNMMCH ब्लड में बैंक में महज 37 यूनिट है ब्लड, थैलीसीमिया एवं अन्य मरीजों की हो रही परेशानी

