ETV Bharat / state

यूपी के इकलौते CRPF ट्रेनिंग सेंटर में पासिंग आउट परेड; 1659 कांस्टेबल देश सेवा के लिए तैयार

मुख्य अतिथि मनीष चौधरी ने कहा कि आज देश आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद और सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों से जूझ रहा है.

यूपी के इकलौते CRPF ट्रेनिंग सेंटर में पासिंग आउट परेड.
यूपी के इकलौते CRPF ट्रेनिंग सेंटर में पासिंग आउट परेड. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 9:34 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अमेठी: यूपी के इकलौते केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल प्रशिक्षण केंद्र में 16वें बैच के 1659 नव आरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया. युवा सिपाहियों ने राष्ट्र सेवा की शपथ ली. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के प्रशिक्षण केंद्र पर नव आरक्षियों का दीक्षांत समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ. मुख्य अतिथि भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक मनीष चौधरी रहे.

मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया. प्रशिक्षणार्थियों के अनुशासन, शारीरिक क्षमता और पेशेवर दक्षता की सराहना की. 16वें बैच में देश भर से चयनित 1659 आरक्षियों ने प्रशिक्षण पूरा किया. इनमें पश्चिम बंगाल से 250, बिहार से 194, असम से 188, उत्तर प्रदेश से 142, महाराष्ट्र से 130, झारखंड से 126, छत्तीसगढ़ से 109, जम्मू-कश्मीर से 94 जवान शामिल हुए.

मुख्य अतिथि मनीष चौधरी ने कहा कि आज देश आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद, नक्सलवाद और सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों से जूझ रहा है. ऐसे समय में सीआरपीएफ जैसे बलों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है. उन्होंने नव आरक्षियों से अनुशासन, ईमानदारी और मानवता के साथ देश सेवा करने का आह्वान किया.

यूपी के इकलौते CRPF ट्रेनिंग सेंटर में पासिंग आउट परेड.
यूपी के इकलौते CRPF ट्रेनिंग सेंटर में पासिंग आउट परेड. (Photo Credit: ETV Bharat)

44 सप्ताह का प्रशिक्षण: नव आरक्षियों का बुनियादी प्रशिक्षण 24 फरवरी 2025 से शुरू हुआ, जो 44 सप्ताह तक चला. इस दौरान उन्हें युद्ध अभ्यास, हथियार संचालन, फील्ड क्राफ्ट, भीड़ नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद से निपटने की तकनीक, शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती का प्रशिक्षण दिया गया. साथ ही उन्हें साइबर अपराध, जनसंपर्क और मानवाधिकारों की भी जानकारी दी गई, ताकि वह आधुनिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपट सकें.

श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सम्मानित: प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया. इनमें बेस्ट रिक्रूट, बेस्ट फायरर, बेस्ट इनडोर-आउटडोर, बेस्ट ड्रिल, बेस्ट फिजिक और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु जैसे पुरस्कार शामिल थे. इससे जवानों में प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा मिला.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई शोभा: समारोह के दौरान नव आरक्षियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ड्रिल प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम का समापन मीडिया संवाद और सामूहिक फोटोग्राफी के साथ हुआ.

सीआरपीएफ के पुलिस महानिदेशक जकी अहमद ने कहा कि 1659 जवानों को प्रशिक्षित करके देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए तैयार किया गया. यह जवान देश के विभिन्न इलाकों में सेवा करेंगे. इस दौरान उनके अभिभावक भी मौजूद रहे.

इस अवसर पर सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक वल्लभ चंद शर्मा, मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी अरुण कुमार, उप कमांडेंट पुरुषोत्तम हरिदास, अमित कुमार, विजय कुमार त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: राज्यमंत्री ने 'VB-G RAM G' को विकसित गांव का रोडमैप बताया; भ्रष्टाचार पर नहीं दिया जवाब