ETV Bharat / state

पशु मित्र भर्ती के जिस वीडियो पर मचा है बवाल, जानिए क्या कहते हैं नियम और कितनी मिलेगी सैलरी?

हिमाचल प्रदेश में पशु मित्रों की भर्ती कुल 500 पदों पर की जानी है.

Pashu Mitra bharti himachal
पशु मित्र भर्ती के इस वीडियो पर मचा है बवाल (VIRAL VIDEO)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 10, 2026 at 4:51 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: हिमाचल प्रदेश में पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया इन दिनों सुर्खियों में है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने इस भर्ती को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है. वीडियो में महिला अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान 25 किलोग्राम वजन उठाकर दौड़ते हुए देखा जा सकता है. इसे लेकर लोग भर्ती नियमों, शारीरिक मानकों और मिलने वाले मानदेय पर सवाल उठा रहे हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि पशु मित्र भर्ती के नियम क्या हैं और चयनित अभ्यर्थियों को कितनी सैलरी मिलेगी?

क्या है वायरल वीडियो का मामला?

वायरल वीडियो मंडी जिले के धर्मपुर स्थित राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान का है. यह वीडियो पशुपालन विभाग की पशु मित्र भर्ती के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा का है. वीडियो में दिख रहा है कि महिला अभ्यर्थियों को सिर पर 25 किलो वजन की बोरी उठाकर तय दूरी तक दौड़ना पड़ रहा है. इसी दौरान एक महिला संतुलन खोकर गिर जाती है, लेकिन वह फिर उठकर परीक्षा पूरी करती है. इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है.

पशु मित्र भर्ती के इस वीडियो पर मचा है बवाल (VIRAL VIDEO)

क्या कहते हैं भर्ती के नियम?

भर्ती नियमों के अनुसार, चयनित पशु मित्रों को प्रतिदिन चार घंटे अंशकालिक सेवाएं देनी होंगी. इसके बदले उन्हें लगभग 166 रुपये प्रतिदिन की दिहाड़ी दी जाएगी, जो मासिक रूप से करीब 5,000 रुपये मानदेय के बराबर है. पशु मित्रों का कार्य पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों में विभाग की सहायता करना होता है. शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों को 25 किलोग्राम भार उठाकर 100 मीटर की दूरी एक मिनट के भीतर तय करनी होती है. विभाग का कहना है कि यह मानक कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखकर तय किया गया है, ताकि चयनित अभ्यर्थी फील्ड में काम करने में सक्षम हों.

कितने पदों पर होनी है भर्ती?

हिमाचल प्रदेश में पशु मित्रों की भर्ती कुल 500 पदों पर की जानी है. इनमें मंडी जिला सबसे अधिक प्रभावित जिलों में से एक है, जहां 67 पद भरे जाएंगे. मंडी जिले के उपमंडलों में यह भर्ती सदर में 7, सुंदरनगर में 7, बालीचौकी में 9, सरकाघाट में 7, धर्मपुर में 7, गोहर में 5, बल्ह में 8, जोगिंद्रनगर में 4, पधर में 4, करसोग में 5 और थुनाग में 4 पदों पर की जाएगी.

कितने अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा?

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 147 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इनमें से 130 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा के दौरान अधिकांश उम्मीदवार तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो पाया. यह शारीरिक परीक्षण उपमंडलीय वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी एवं भर्ती कमेटी के सचिव सदस्य डॉ. घनश्याम भूपल के निर्देशन में आयोजित किया गया.

वीडियो वायरल होने के बाद भर्ती प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. आलोचकों का कहना है कि महिलाओं के लिए इस तरह के शारीरिक मानक कठिन और जोखिम भरे हो सकते हैं. कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या पशु मित्र जैसे पद के लिए इतना भारी वजन उठाना जरूरी है या नहीं. फिलहाल पशुपालन विभाग भर्ती नियमों को सही ठहरा रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बाद नियमों पर पुनर्विचार की मांग तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें: जयराम ठाकुर का ड्रीम प्रोजेक्ट, CM सुक्खू की सरकार में मोदी सरकार से मिली बड़ी मंजूरी के बाद जगी नई आस