हिमाचल में 101.32 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के दो युवक गिरफ्तार
हिमाचल में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब के दो युवकों से 101.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 11, 2026 at 2:43 PM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ समय से नशे का कारोबार लगातार अपने पैर पसार रहा है. इसके खात्मे के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत सोलन पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. नशा तस्करी के आरोप में सोलन पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 101.32 ग्राम चिट्टा पुलिस ने बरामद किया है.
नाकाबंदी के दौरान पकड़े दोनों आरोपी
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि सोलन पुलिस की एसआईयू की टीम गश्त के दौरान परवाणू में मौजूद थी. ऐसे में पुलिस को गुप्त सूचना मिली की चंडीगढ़ की ओर से दो युवक किराए की टैक्सी में सवार होकर परवाणू की ओर आ रहे हैं और उनके पास बड़ी मात्रा में चिट्टे की खेप है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परवाणू में नाकाबंदी की और एक टैक्सी को जांच के लिए रोका. पुलिस ने जब टैक्सी सवार दो युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से 101.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया.
पंजाब के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
एसपी सोलन ने बताया कि पुलिस ने चिट्टे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की पहचान मनदीप सिंह (उम्र 22 साल) और लवजीत (उम्र 20 साल) के तौर पर हुई है. दोनों आरोपी पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना परवाणु में मामला दर्ज किया है. सोलन पुलिस का कहना है कि नशे के खात्मे को लेकर उनके द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम किया जा रहा है.
"परवाणू में 101.32 ग्राम समेत दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. मामले की जांच के दौरान ये सामने आया है कि आरोपी चिट्टे की खेप को परवाणू क्षेत्र में सप्लाई करने के उद्देश्य से लाए थे. दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करके 5 दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है. वहीं दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. मामले में आगामी जांच जारी है. ये दोनों आरोपी इतनी बड़ी चिट्टे की खेप कहां से लेकर आए थे, इसको लेकर भी जांच की जा रही है." - गौरव सिंह, एसपी सोलन

