परीक्षा पे चर्चा: अभिभावकों की भागीदारी में छत्तीसगढ़ का पहला स्थान, कुल रजिस्ट्रेशन में भी हासिल की सफलता
छत्तीसगढ़ ने परीक्षा पे चर्चा में अव्वल स्थान हासिल किया है. राज्य ने विद्यार्थियों के पंजीयन में भी सफलता हासिल की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 4, 2026 at 10:41 PM IST
रायपुर: पीएम नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों को परीक्षा से तनावमुक्त बनाने के लिए परीक्षा पे चर्चा मुहिम की शुरुआत की. इसका पूरे देश में असर दिख रहा है. परीक्षा पे चर्चा को लेकर छत्तीसगढ़ से भी गुड न्यूज आई है. परीक्षा पे चर्चा 2026 में माता-पिता की भागीदारी के मामले में छत्तीसगढ़ ने देश में पहला स्थान हासिल किया है.
रजिस्ट्रेशन में भी छत्तीसगढ़ ने मारी बाजी
परीक्षा पे चर्चा को लेकर छत्तीसगढ़ ने विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन में भी शानदार उपलब्धि हासिल की है. छत्तीसगढ़ से अब तक 25.16 लाख प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिसमें 22.75 लाख छात्र, 1,55,000 शिक्षक और 81,533 माता-पिता शामिल हैं.
परीक्षा पे चर्चा, पैरेंटल भागीदारी में छत्तीसगढ़ अव्वल
परीक्षा पे चर्चा में माता-पिता की भागीदारी के मामले में छत्तीसगढ़ देश में पहले स्थान पर है. कुल रजिस्ट्रेशन में छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर चौथे स्थान पर है. बलौदाबाजार जिले में 14,658 माता-पिता ने रजिस्ट्रेशन कराया है. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 9,952 माता-पिता ने रजिस्ट्रेशन कराया है. जिला-स्तरीय समीक्षा बैठकों के माध्यम से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की गई. शिक्षक-प्रशिक्षण केंद्रों पर ऑन-साइट रजिस्ट्रेशन की सुविधाएँ व्यवस्थित की गईं.
सारंगढ़ बिलाईगढ़ ने मारी बाजी
परीक्षा पे चर्चा में सारंगढ़ बिलाईगढ़ ने एक ही दिन में 10,000 से अधिक रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए, जबकि पहले औसत दैनिक रजिस्ट्रेशन लगभग 1,500 था. इसी तरह इसमें विद्यार्थियों की सबसे ज्यादा भागीदारी हुई.
परीक्षा पे चर्चा के लिए रजिस्ट्रेशन में दी गई सहूलियत
छत्तीसगढ़ में परीक्षा पे चर्चा में शिक्षकों की भागीदारी मुहैया कराने के लिए टीचर ट्रेनिंग स्थलों पर भी रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई. ट्रेनिंग के दौरान शिक्षकों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया विस्तारपूर्वक समझाई गई और वहीं पर रजिस्ट्रेशन कराने में सहयोग दिया गया. जिससे शिक्षकों ने बड़ी संख्या में पंजीयन कराया. परीक्षा पे चर्चा में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 11 जनवरी 2026 तक खुली रहेगी. इस बात की पूरी संभावना है कि छत्तीसगढ़ में 30 लाख से अधिक पंजीयन का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा.
सीएम साय ने जताई खुशी
छत्तीसगढ़ को मिली इस उपलब्धि पर सीएम विष्णुदेव साय ने खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि परीक्षा पे चर्चा 2026 में छत्तीसगढ़ द्वारा प्राप्त की गई यह कामयाबी पूरे राज्य के विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों के सामूहिक प्रयास का नतीजा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा परीक्षा को तनाव नहीं बल्कि उत्सव के रूप में मनाने का जो संदेश दिया गया है, उसे छत्तीसगढ़ ने दिल से अपनाया है. कुल रजिस्ट्रेशन में देश में चौथा स्थान और अभिभावकों की सहभागिता में प्रथम स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि हमारे यहां अभिभावकों में भी जागरूकता बढ़ी है और वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए आगे आ रहे हैं- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
सीएम विष्णुदेव साय ने परीक्षा पे चर्चा को लेकर कहा मुझे विश्वास है कि इसी उत्साह के साथ हम 30 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन के लक्ष्य को भी हासिल करेंगे और एग्जाम को तनावमुक्त बनाने के इस अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाते रहेंगे.

