ETV Bharat / state

मेरठ में बेकाबू कैंटर ने बाइक सवार दोस्तों को रौंदा, एक की मौत; ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिरे.

मेरठ में बेकाबू कैंटर ने बाइक सवार दोस्तों को रौंदा.
मेरठ में बेकाबू कैंटर ने बाइक सवार दोस्तों को रौंदा. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : June 25, 2026 at 12:42 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मेरठ: जिले के किठौर थाना क्षेत्र के राधना गांव के पास बुधवार रात करीब 11:30 बजे बेकाबू पार्सल कैंटर ने बाइक सवारों को रौंद दिया. बाइक पर दो दोस्त थे, जिनमें से एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिरे और कैंटर का भारी-भरकम पहिया एक युवक को कुचलता हुआ निकल गया. ​इस दिल दहला देने वाले हादसे में नितिन पुत्र राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई.

वहीं, उसका साथी आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तत्काल गढ़ रोड स्थित ग्लोबल मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, आशीष की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.

मृतक नितिन भावनपुर थाना क्षेत्र के जई गांव में ज्वेलरी की दुकान चलाता था, जबकि आशीष स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करता है. दोनों गहरे दोस्त थे और रोजाना की तरह बुधवार को भी अपनी-अपनी दुकानें बंद करने के बाद परीक्षितगढ़ से किठौर स्थित अपने घर लौट रहे थे.

जैसे ही वह राधना गांव के करीब पहुंचे, सामने से आ रहे पार्सल से लदे काल बने कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

किठौर थाना प्रभारी सुबोध सक्सेना ने बताया कि रात राधना गांव के पास कैंटर और बाइक की भिड़ंत की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल युवक आशीष को अस्पताल पहुंचाया और मृतक नितिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दुर्घटना के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है. चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या जैसी गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: पूर्वी यूपी में हीट वेव का कहर जारी; 3 दिन में मानसून की पहली बारिश की संभावना बढ़ी