प्रयागराज में MBBS छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
पन्ना की एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले ने पकड़ा तूल. मृतक सृष्टि मिश्रा के माता-पिता ने लगाया हत्या का आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 2, 2026 at 3:26 PM IST
पन्ना: पवई निवासी अनुराग मिश्रा की बेटी और प्रयागराज के एक निजी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा सृष्टि मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. सृष्टि के माता-पिता ने बुधवार (1 जुलाई) को प्रेस में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
सृष्टि की अचानक मिली लाश
परिजनों के अनुसार, सृष्टि 15 जून को अपने घर से बिल्कुल स्वस्थ अवस्था में पढ़ाई के लिए प्रयागराज गई थी. घटना की एक रात पहले ही उसने अपनी मां से करीब 20 मिनट तक बिल्कुल सामान्य बातचीत की थी. लेकिन 20 जून की सुबह परिजनों को सृष्टि के ही मोबाइल से फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई. जब घबराए परिजन आनन-फानन में प्रयागराज स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तो सृष्टि उन्हें इमरजेंसी वार्ड में मृत मिली.
पिता ने जताई हत्या की आशंका
सृष्टि के पिता अनुराग मिश्रा ने इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए कहां, "सृष्टि के चेहरे का रंग नीला पड़ चुका था और उसके हाथ में रहने वाली सोने की अंगूठी भी गायब थी. कॉलेज प्रशासन ने मौत की वजह मिर्गी का दौरा बताया है, जबकि सृष्टि को कभी मिर्गी की कोई शिकायत नहीं थी. सृष्टि के मोबाइल से सोशल मीडिया अकाउंट्स सहित कई महत्वपूर्ण एप्लीकेशन डिलीट पाए गए हैं. पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान वहां मौजूद एक चिकित्सक की भूमिका भी संदिग्ध है."
पुलिस की सुस्ती पर भारी आक्रोश
अनुराग मिश्रा ने आगे बताया, "22 जून को थाने में लिखित शिकायत देकर बेटी का मोबाइल पुलिस को सौंप दिया था. इसके बावजूद अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई है, न ही परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंपी गई है. सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि पुलिस ने अब तक मेडिकल कॉलेज या हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की जहमत नहीं उठाई है."
- पति खो चुकी पत्नी को शराबी कह कर पल्ला झाड़ रही थी बीमा कंपनी, कोर्ट ने सिखाया सबक
- एक करंट का झटका और उजड़ गया परिवार, चाय वाले चेतराम की मौत
मृतक सृष्टि मिश्रा की मां आशा मिश्रा ने कहा, "मेरी बेटी की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई है. प्रशासन से हमारी मांग है कि कॉलेज और हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज निकाले जाएं, उसके साथी छात्र-छात्राओं से पूछताछ हो और मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाए." सृष्टि की संदिग्ध मौत से उसके गृह नगर पवई में भारी आक्रोश है. स्थानीय नगर वासियों ने भी पीड़ित परिवार का समर्थन करते हुए इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है."

