ETV Bharat / state

जंगल में सियार के जबड़े से बेटी को खींच लाई मां, ताबड़तोड़ हमला कर लख्ते जिगर को बचाया

जंगल की तरफ गई 5 साल की मासूम पर सियार का हमला, लहूलुहान बच्ची कटनी रेफर, पन्ना के ​शाहनगर के मरहा की घटना. रिपोर्ट राकेश पाठक.

Panna Jackal attacked 5 year old girl
सांकेतिक तस्वीर (Source: Getty Image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 20, 2026 at 10:28 PM IST

|

Updated : August 20, 2026 at 10:38 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पन्ना: पन्ना के शाहनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरहा में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची पर खूंखार जंगली सियार ने जानलेवा हमला कर दिया. अपनी मां के साथ नाना के घर आई मासूम को सियार ने अपने जबड़े में दबोच लिया था, लेकिन मां की जांबाजी और सूझबूझ से बच्ची की जान बच सकी.

अदम्य साहस का परिचय देते हुए बेटी को बचाया

जानकारी के अनुसार, ग्राम मरहा निवासी राम बाई अपनी 5 वर्षीय पुत्री हेमंती के साथ अपने मायके आई हुई थी. गुरुवार को मासूम हेमंती घर के समीप स्थित जंगल की ओर चली गई. काफी देर तक बच्ची के न लौटने पर मां राम बाई ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी बीच जंगल की तरफ से बच्ची के चीखने-चिल्लाने की तेज आवाज सुनाई दी. ​आवाज सुनते ही मां मौके पर पहुंची, जहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. एक जंगली सियार ने मासूम हेमंती को दबोच रखा था. बेटी को मौत के मुंह में फंसा देख मां राम बाई जरा भी नहीं घबराई और अदम्य साहस का परिचय देते हुए पास पड़े पत्थरों से सियार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

घायल बच्ची जिला अस्पताल कटनी रेफर

सियार के हमले में मासूम हेमंती गंभीर रूप से घायल हो गई है. शरीर से अत्यधिक खून बहने की स्थिति में परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहनगर लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया है.

ये भी पढ़ें:

​घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र शाहनगर की मरहा बीट के परिक्षेत्र सहायक राम प्रसाद पटेल और विनोद वर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि "वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायल बच्ची के इलाज के लिए त्वरित आर्थिक व चिकित्सकीय व्यवस्था कराई." ​इस घटना के बाद से मरहा गांव में भारी दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाके के पास जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र से सटे इलाकों में गश्त (निगरानी) बढ़ाने की सख्त मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटना न दोहराई जा सके.

Last Updated : August 20, 2026 at 10:38 PM IST