सीने पर MLA की फोटो लगा जनसुनवाई में दंडवत पहुंचा फरियादी, पवई विधायक पर लगाया बड़ा आरोप
पन्ना कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में दंडवत प्रणाम करते हुए पहुंचा फरियादी. पवई विधायक पर दूसरे की मदद से अपनी जमीन कब्जाने का लगाया आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 18, 2025 at 5:07 PM IST
पन्ना: कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में सोमवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जब एक पीड़ित व्यक्ति कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर से ही दंडवत करते हुए जनसुनवाई कक्ष तक पहुंचा. सीने पर स्थानीय विधायक की फोटो चिपकाए यह व्यक्ति जमीन विवाद में न्याय की गुहार लगाने आया था. फरियादी का आरोप है कि पवई विधायक ने दूसरे की मदद से उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है. विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं.
पवई विधायक पर दूसरे की मदद से जमीन कब्जाने का आरोप
पन्ना की रैपुरा तहसील के ग्राम पंचायत नादन पटवारी निवासी उमा प्रसाद लोधी का आरोप है कि उनकी हल्का नादन ककरन में 50×100 फीट की जमीन है. उसने ये जमीन 1999 में खरीदी थी. अब इस जमीन पर ग्राम महाराजगंज निवासी धर्मदास लोधी ने अवैध कब्जा कर लिया है. उसने इसकी शिकायत भी की, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई.
उमा प्रसाद का आरोप है कि "धर्मदास लोधी को पवई विधायक प्रहलाद लोधी को संरक्षण प्राप्त है, जिस वजह से उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है." फरियादी का कहना है कि विधायक की वजह से ही उसकी जमीन पर कब्जा हुआ है. इसी वजह से विरोध जताने के लिए वो जनसुनवाई में पवई विधायक की फोटो अपने सीने पर लगाकर पहुंचा था.
विधायक ने पहले जताई थी जमीन खरीदने की इच्छा
उमा प्रसाद ने बताया कि "पवई विधायक ने पहले यह जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी, लेकिन मना करने के बाद उसने अपने परिचित धर्मदास को कब्जा दिला दिया. जहां उसने निर्माण भी कर लिया है और फर्जी तरीके से नामांतरण भी करा लिया है. अब तक एसडीएम कार्यालय और अन्य विभागों में लगभग 100 शिकायतें कर चुका हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई." इसके अलावा उमा प्रसाद लोधी ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा उस पर बार-बार फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं.
- नहीं था बस का किराया, साइकिल से 60 KM सफर कर पन्ना पहुंचे पीड़ित, कलेक्ट्रेट में डाला डेरा
- कलेक्टर की पहली ही जनसुनवाई में महिला ने काटा बवाल, बाबू पर कार्रवाई की मांग
संयुक्त कलेक्टर ने जांच के दिए आदेश
पन्ना के संयुक्त कलेक्टर कुशल कुमार गौतम ने बताया कि "उमा प्रसाद की शिकायत प्राप्त हो चुकी है. मामले को जांच के लिए एसडीएम शाहनगर को भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी." फरियादी के इस तहर से सुनवाई में पहुंचने से सभी की निगाहों उसी पर टिक गई थीं. सभी अधिकारी भी हैरान रह गए थे.

