पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा घटना: HSGMC ने की गिरफ्तार सिखों की रिहाई की मांग, सीएम से मुलाकात करेगा प्रतिनिधिमंडल
पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा घटना को लेकर आज HSGMC का 25 सदस्य प्रतिनिधिमंडल सीएम नायब सैनी के साथ बैठक करेगा.

Published : August 18, 2026 at 2:08 PM IST
चंडीगढ़: अंबाला के पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा घटना को लेकर सिख संगठनों की नाराजगी अब बढ़ती नजर आ रही है. HSGMC प्रधान जगदीश सिंह झिंडा ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए गिरफ्तार किए गए सिखों की रिहाई और दर्ज मामलों को खत्म करने की मांग की है. वहीं, 25 अगस्त को अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे में बड़ी बैठक बुलाई गई है. वहीं आज शाम को 25 सदस्य प्रतिनिधिमंडल की इस मामले में सीएम नायब सिंह सैनी से बैठक भी होनी है.
गिरफ्तार सिखों की रिहाई की मांग: पंजोखरा साहिब घटना को लेकर हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आगे की रणनीति तैयार कर दी है. HSGMC प्रधान जगदीश सिंह झिंडा ने प्रेस वार्ता कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. झिंडा ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस ने सिखों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हुए. उन्होंने गिरफ्तार किए गए दो सिखों को तत्काल रिहा करने और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को समाप्त करने की मांग की.
25 अगस्त का दिन अहम: इस पूरे मामले को लेकर अब 25 अगस्त का दिन अहम माना जा रहा है. झिंडा के मुताबिक, अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे में बड़ी बैठक होगी. बैठक में घटना के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी. वहीं, सरकार के स्तर पर भी बातचीत का रास्ता खुला है. झिंडा ने बताया कि आज शाम 4 बजकर 45 मिनट पर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में पंजोखरा साहिब की घटना, गिरफ्तार किए गए सिखों की रिहाई, दर्ज मामलों को खत्म करने समेत कई मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएंगी.
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल: पंजोखरा साहिब घटना को लेकर एक तरफ सिख संगठनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, तो दूसरी तरफ अब सरकार के साथ होने वाली बैठक पर निगाहें टिकी हैं. 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगें रखेगा और इसके बाद 25 अगस्त की मंजी साहिब बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी. फिलहाल सबकी नजरें मुख्यमंत्री के साथ होने वाली इस बैठक पर हैं. देखना होगा कि सरकार और HSGMC के बीच बातचीत से पंजोखरा साहिब विवाद को लेकर क्या रास्ता निकलता है.
ये भी पढ़ें- पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा के बाहर गुरसिमरन सिंह मंड पर हमला, बेटा और दो एसआई भी घायल

