ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ेंगे पानीपत के बच्चे, 2.26 लाख विद्यार्थियों ने दी सड़क सुरक्षा परीक्षा
पानीपत में 2.26 लाख विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा परीक्षा दी. प्रतियोगिता ब्लॉक से राज्य स्तर तक पहुंचेगी. पिछले साल जिला तीसरे स्थान पर था.

Published : August 31, 2026 at 4:38 PM IST
पानीपत: विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने जिले के स्कूलों, कॉलेजों और आईटीआई में सड़क सुरक्षा परीक्षा आयोजित की. दरअसल, जिलेभर में 2,26,389 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में हिस्सा लिया. परीक्षा का आयोजन डीजीपी, एडीजीपी ट्रैफिक और पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया.
बहुविकल्पीय सवालों से परखी जानकारी: ट्रैफिक नियमों पर आधारित परीक्षा में विद्यार्थियों से यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन से जुड़े बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए. पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूली स्तर से ही नियमों की जानकारी देना है, ताकि भविष्य में वाहन चलाते समय वे जिम्मेदारी से यातायात नियमों का पालन करें. इससे सड़क हादसों को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

डीएसपी बोले- "हर साल होती है परीक्षा": इस बारे में डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी ने कहा कि, "सड़क सुरक्षा परीक्षा हर वर्ष आयोजित की जाती है. डीजीपी और एडीजीपी ट्रैफिक के दिशा-निर्देशों तथा एसपी के नेतृत्व में जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और आईटीआई में परीक्षा करवाई गई. विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला."
परीक्षा से पहले शिक्षकों को दिए निर्देश: आयोजन सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों और ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के साथ पहले ही बैठक की गई थी. इसमें परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए. स्कूलों में शिक्षकों को भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई गई. पुलिस अधिकारी, ट्रैफिक इंचार्ज और थाना प्रभारी अलग-अलग स्कूलों में पहुंचकर परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे.
ब्लॉक से राज्य स्तर तक पहुंचेगी प्रतियोगिता: सड़क सुरक्षा परीक्षा में स्कूल, कॉलेज और आईटीआई स्तर पर सफल रहने वाले विद्यार्थी अगले चरण में ब्लॉक स्तर की परीक्षा देंगे. इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा. जिला स्तर पर सफल विद्यार्थी रेंज और फिर राज्य स्तर की प्रतियोगिता में पहुंचेंगे.
पिछले साल पानीपत रहा था तीसरे स्थान पर: पानीपत के विद्यार्थियों ने पिछले साल भी किया था. जिले की टीम ने सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया था. इस बार पुलिस और शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों से इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी को लेकर भी उत्साह देखने को मिला.
प्रतियोगिता से आगे जागरूकता का मकसद: सड़क सुरक्षा परीक्षा को पुलिस महज प्रतियोगिता नहीं मान रही. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक और भविष्य में सुरक्षित चालक बनाना है. छोटी उम्र से यातायात नियमों की जानकारी मिलने और उनके पालन की आदत विकसित होने से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है. पानीपत में 2.26 लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी इस अभियान के व्यापक प्रभाव को दर्शाती है.
ये भी पढ़ें:पानीपत में हाईटेंशन पोल पर नशे की हालत में चढ़ा युवक, एक घंटे तक मचा हड़कंप

