पानीपत में महिला डॉक्टर का AI वीडियो बनाया, बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर खुदकुशी की कोशिश की
पानीपत में एक महिला डॉक्टर ने बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग के बाद खुदकुशी की कोशिश की है.

Published : May 23, 2026 at 4:17 PM IST
|Updated : May 23, 2026 at 5:00 PM IST
पानीपत : हरियाणा के पानीपत में एक महिला डॉक्टर ने बॉयफ्रेंड की ब्लैकमेलिंग के बाद खुदकुशी करने की कोशिश की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पढ़ाई के दौरान नजदीकियां बढ़ी : जानकारी के अनुसार एक महिला डॉक्टर की दोस्ती बचपन से ही एक युवक के साथ थी. दोनों के बीच पढ़ाई के दौरान नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों ने भविष्य में शादी करने का मन बना लिया. बताया जा रहा है कि जब युवती एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए बाहर गई तो युवक भी उसके पीछे वहां पहुंच गया. इसी दौरान युवक ने दोनों के निजी पलों का वीडियो बना लिया.
AI तकनीक से वीडियो बनाकर ब्लैकमेल : हालांकि समय समय बीतने के साथ रिश्तों में दरार आने लगी. आरोप है कि युवक ने उन्हीं वीडियो का सहारा लेकर महिला डॉक्टर को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, नई AI तकनीक के जरिए वीडियो को अश्लील बनाकर इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी जाने लगी. युवती पर मानसिक दबाव इतना बढ़ गया कि वो लगातार तनाव और भय में रहने लगी. आरोप है कि बाद में युवक के परिवार के सदस्य भी इस ब्लैकमेलिंग में शामिल हो गए और पैसे की मांग की जाने लगी.
युवती ने खुदकुशी की कोशिश की : मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर करीब ढाई महीने पहले महिला डॉक्टर ने पानीपत के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र स्थित अपने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. इस घटना में उसे गंभीर फ्रैक्चर आए और लंबे समय तक इलाज चलता रहा. उस समय परिवार की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करवाई गई थी, लेकिन बाद में मामला गंभीर होने पर जींद जिले के पिल्लूखेड़ा थाना में शिकायत दी गई, जहां जीरो एफआईआर दर्ज कर इसे पानीपत मॉडल टाउन थाना भेज दिया गया.
मामले की जांच जारी : मामले को लेकर डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार ने बताया कि जींद से दर्ज जीरो एफआईआर पानीपत पहुंची है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक कई वर्षों से महिला डॉक्टर को ब्लैकमेल कर रहा था. उसने युवती की वीडियो बना रखी थीं और AI तकनीक के माध्यम से उन्हें अश्लील बनाकर इंटरनेट पर डालने की धमकी देता था. डीएसपी के अनुसार आरोप युवक मोहित, उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों पर लगाए गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी. डीएसपी ने बताया कि युवती ने अपने ही घर में छलांग लगाई थी. घटना में उसे गंभीर चोटें आई थीं, लेकिन उस समय परिवार ने कार्रवाई करवाने से मना कर दिया था.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : नूंह में युवती ने की खुदकुशी, रेप और ब्लैकमेल करने का आरोप
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम में हनीट्रैप में फंसा लैब टेक्नीशियन, न्यूड वीडियो बनाकर ऐंठे गए लाखों रुपये
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम में नाबालिग से दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर आरोपी ने पैसे भी ऐंठे, एक महिला सहित दो पर मामला दर्ज

