हरियाणा के इन जिलों में दौड़ेगी इलेक्ट्रिक बसें, सफर होगा अब आसान, 28 जून को CM सैनी दिखाएंगे हरी झंडी
28 जून से पानीपत सहित हरियाणा के कई जिलों में इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी. इससे यात्रियों का सफर आसान होगा.

Published : May 26, 2026 at 12:20 PM IST
|Updated : May 26, 2026 at 6:11 PM IST
पानीपत: हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 28 जून को पानीपत से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होगी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेशभर के विभिन्न जिलों के लिए करीब 80 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे. इनमें से 40 बसें अकेले पानीपत डिपो से संचालित होंगी. नई बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को भीषण गर्मी में एसी सुविधा के साथ आरामदायक सफर मिल सकेगा.
कई जिलों को मिलेगा लाभ: इस बारे में जेबीएम कंपनी के इंजीनियर प्रतीक ने कहा कि, "28 जून से हरियाणा में कुल 80 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा. ये बसें पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, करनाल और रोहतक सहित कई जिलों में चलाई जाएंगी. इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण संरक्षण के साथ आधुनिक यात्रा सुविधा देने की दिशा में अहम कदम साबित होंगी. बसों की दूरी मौसम और लोड फैक्टर पर निर्भर करती है. गर्मियों में एसी चलने से बैटरी की खपत बढ़ती है, लेकिन एक बार फुल चार्ज होने पर बस करीब 150 किलोमीटर तक चल सकती है. बसों में री-जनरेशन फीचर भी लगाया गया है, जिससे ढलान वाले रास्तों पर चलते समय बैटरी दोबारा चार्ज होती रहती है."
पानीपत डिपो में तैयारियां पूरी: वहीं. पानीपत रोडवेज डिपो के ट्रैफिक मैनेजर जयवीर सिंह ने कहा कि, "डिपो में कुल 45 इलेक्ट्रिक बसें हैं. इनमें से 5 पहले से सेवा में हैं. जबकि 40 नई बसों का उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे. इन बसों का संचालन सिंघु बॉर्डर, सोनीपत, गोहाना, सफीदों, करनाल, शामली, बापौली और बबैल समेत कई रूटों पर किया जाएगा. इलेक्ट्रिक बसों का किराया सामान्य एसी बसों के बराबर ही रहेगा. यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार बसों की फ्रीक्वेंसी तय की जाएगी. रोडवेज विभाग का मानना है कि नई सेवा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा के साथ सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा."
छात्रों को गर्मी से मिलेगी राहत: एसी इलेक्ट्रिक बसों को लेकर पानीपत कॉलेज छात्रा वर्षा ने कहा कि, "दूर-दराज गांवों से आने वाले छात्रों को भीषण गर्मी में सफर करने में काफी परेशानी होती है. एसी इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने से राहत मिलेगी और पढ़ाई पर बेहतर ध्यान दिया जा सकेगा. इसराना क्षेत्र सहित आसपास के 10 से 20 गांवों के विद्यार्थियों को इस सुविधा का विशेष लाभ मिलेगा."
प्रदूषण कम करने की दिशा में कदम: हरियाणा में इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत को स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. इससे प्रदूषण कम होगा. यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की दैनिक आवाजाही पहले से अधिक आसान बन सकेगी.
ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ में "नो व्हीकल डे" पर इलेक्ट्रिक बस से चंडीगढ़ प्रशासक ने किया सफर, साइकिल और बस से ऑफिस पहुंचे अधिकारी

