पानीपत में मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली, 3 साथी भी गिरफ्तार, व्यापारी से मांगी थी ढाई करोड़ रुपए की फिरौती
पानीपत में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. तीन अन्य भी गिरफ्तार.


Published : December 22, 2025 at 1:19 PM IST
|Updated : December 22, 2025 at 5:25 PM IST
पानीपत: हरियाणा के पानीपत में देर रात सोनीपत एसटीएफ यूनिट और सीआईए-1 पानीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने बदमाशों का एनकाउंटर कर दिया. मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. मौके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं.
एक बदमाश के पैर में लगी गोली: मुठभेड़ के दौरान परमीत, शहमालपुर निवासी के पैर में गोली लगी. घायल बदमाश को इलाज के लिए पानीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, उसके तीन साथी देवेंद्र, साहिल और अमन को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो विदेशी पिस्टल, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
"नेटवर्क का जल्द होगा खुलासा": पुलिस अधिकारियों ने बताया कि "घायल बदमाश परमीत को पानीपत के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपियों से गहनता से पूछताछ शुरू कर दी है. गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है". पुलिस ने दावा किया कि "जांच कर जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा".
जानें क्या बोले एएसपी: इस पूरे मामले में पानीपत के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हर्षित गोयल ने बताया कि, "सोनीपत एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि चार बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. सोनीपत एसटीएफ ने तुरंत पानीपत पुलिस की सीआईए टीम के साथ मिलकर ज्वॉइंट ऑपरेशन किया. पुलिस को आता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर करना शुरू कर दिया. जवाबी हमले में पुलिस ने भी फायर किए. भागने की कोशिश में एक बदमाश के पैर में गोली लगी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों बदमाशों को काबू कर लिया. बदमाशों से तीन देशी पिस्तौल व भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. बदमाशों की पहचान गांव शहर मालपुर निवासी साहिल, देवेंद्र, अमन और परमीत के रूप में हुई है. परमीत को छोड़कर तीनों बदमाशों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रह चुका है.
बदमाशों ने कबूला जुर्म: चारों बदमाशों ने कबूला है कि 18 तारीख को विदेशी नंबर से सेक्टर 12 के एक व्यापारी यशपाल गर्ग से ढाई करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई थी, जिसका मुकदमा पानीपत के थाना चांदनी बाग में दर्ज है. फिलहाल तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा. वहीं चौथे आरोपी को पानीपत के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
ये भी पढ़ें: जींद में कपड़ा व्यापारी से रंगदारी का मामला, मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
ये भी पढ़ें: भिवानी में इनामी बदमाश अजय का एनकाउंटर, दोनों पैरों में लगी गोली, साथी संदीप भी गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: यमुनानगर में नेशनल हाईवे पर नवविवाहिता का अपहरण, पति पर किया गया जानलेवा हमला

