स्वास्थ्य केंद्र के ऑपरेशन थिएटर में सांप, मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में मची अफरा-तफरी
धनबाद के साहूबहियार स्वास्थ्य केंद्र में सांप घुसने से हड़कंप मच गया, बाद में स्नेक कैचर ने उसको सुरक्षित पकड़कर लिया. नरेंद्र निषाद की रिपोर्ट.

Published : August 29, 2026 at 8:02 PM IST
|Updated : August 29, 2026 at 8:28 PM IST
धनबादः तोपचांची से हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. साहूबहियार स्वास्थ्य केंद्र के ऑपरेशन थिएटर (OT) में अचानक सांप घुस गया. ओटी में सांप को देखते ही डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया, जिसके बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
तस्वीरें तोपचांची के साहूबहियार स्वास्थ्य केंद्र की हैं, जहां मरीजों के इलाज के लिए बने ऑपरेशन थिएटर में सांप के घुसने से हड़कंप मच गया. ओटी में अचानक सांप को देखकर वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मी सकते में आ गए. सांप इधर-उधर निकलने की कोशिश कर रहा था और बाद में जाकर ओटी में लगी ट्यूबलाइट के फ्रेम में फंस गया.
सांप से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा
अस्पताल के ओटी में सांप होने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्यकर्मियों ने सावधानी बरती और स्नेक रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यूअर प्रकाश यादव मौके पर पहुंचे. उन्होंने काफी सावधानी के साथ ट्यूबलाइट के फ्रेम में फंसे सांप को बाहर निकाला. रेस्क्यू के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीज और उनके परिजन भी सहमे नजर आए. राहत की बात यह रही कि ओटी में सांप घुसने के बावजूद किसी मरीज, डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. रेस्क्यू के बाद सांप की पहचान धामिन सांप के रूप में हुई.
'पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अस्पताल परिसर में सांप आने की संभावना बनी रहती है. उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में ब्लीचिंग और फिनाइल का छिड़काव कराया जाएगा. चिकित्सा प्रभारी ने कहा कि ओटी में एक सांप घुसा हुआ था. स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाकर उसे हटवा दिया गया है. यह धामिन सांप था. पहाड़ी इलाका होने के कारण यहां सांप आते हैं. अस्पताल परिसर में ब्लीचिंग और फिनाइल का छिड़काव कराया जाएगा.'- श्वेता गुंजन, स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा प्रभारी
अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
फिलहाल सांप को ओटी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और अस्पताल में स्थिति सामान्य है. लेकिन जिस ऑपरेशन थिएटर में मरीजों का इलाज होना है, वहां सांप के पहुंचने की घटना ने अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर जरूर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ेंः
सांप दिखे तो घबराएं नहीं, स्नेक रेस्क्यूअर को दें जानकारी, कोडरमा डीएफओ ने की लोगों से अपील
एसडीपीओ आवास में घुसा जहरीला कोबरा, वन विभाग ने मौके से किया रेस्क्यू

