ETV Bharat / state

पांढुर्ना में 31 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव, एंथ्रेक्स बीमारी की जांच के लिए भेजे थे सैंपल

पांढुर्ना में गाय में एंथ्रेक्स बीमारी फैलने के बाद 31 लोगों का सैंपल हुआ टेस्ट, रिपोर्ट आने के बाद लोगों ने ली राहत की सांस.

Pandhurna people Anthrax negative
लैब से आई एंथ्रेक्स बीमारी की रिपोर्ट तो लोगों ने ली राहत की सांस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : November 18, 2025 at 10:37 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पांढुर्ना: हिवरा पृथ्वीराम गांव में पालतू पशु गाय में एंथ्रेक्स बीमारी फैलने के बाद 31 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गये थे. जिसमें सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली है. यह खतरनाक बीमारी जानवरों से इंसानों में भी फैलने की आशंका रहती है गांव में कुछ लोग बीमार थे इसलिए इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे.

लैब से आई रिपोर्ट तो लोगों ने ली राहत की सांस

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेश गोन्नाड़े ने बताया कि "पांढुर्ना के हिवरा पृथ्वीराम गांव में एंथ्रेक्स बीमारी की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के संदिग्ध 31 व्यक्तियों के ब्लड सैंपल लिये गये थे. जिन्हें एंथ्रेक्स बीमारी की पुष्टि की जांच के लिये नेशनल सेंटर ऑफ डिजीज कंट्रोल (NCDC) लैब नई दिल्ली भेजा गया था. नई दिल्ली से 31 व्यक्तियों के ब्लड सैंपल की जांच रिपोर्ट में सभी निगेटिव पाए गए हैं."

31 people samples testing report Anthrax negative
एंथ्रेक्स बीमारी की जांच करने भेजे थे सैंपल (ETV Bharat)

मेडिकल कॉलेज जबलपुर से आई थी 10 डॉक्टरों की टीम

पांढुर्ना के हिवरा पृथ्वीराम गांव में पशुओं में एंथ्रेक्स बीमारी फैल रही थी. जिससे 2 गायों की मौत हो गई थी. बताया गया कि यह बीमारी जानवरों के संपर्क में आने से इंसानों में भी फैल जाती है. इसीलिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर से 10 डॉक्टरों की टीम इस गांव में पहुंची थी और घर-घर जाकर सर्वे किया था. इसी दौरान 31 लोग जिन्हें सर्दी जुकाम और संदिग्ध थे, ऐसे लोगों के सैम्पल जांच के लिए भेजे गये थे. रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने दावा किया है कि अब इन गांव में हालात सामान्य हैं.

Pandhurna cows Anthrax disease
पांढुर्ना में 31 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव (ETV Bharat)

छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिले में एडवाइजरी जारी

जैसे ही एंथ्रेक्स बीमारी की पुष्टि हुई थी, तो पांढुर्णा कलेक्टर ने संक्रमित इलाकों में मांस और दूध की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था. इसके साथ ही जिले में बिना अनुमति आने-जाने व पशुओं की खरीद बिक्री पर भी रोक लगा दी थी. सुरक्षा के लिए छिंदवाड़ा कलेक्टर ने भी पांढुर्णा से छिंदवाड़ा जिले में पशुओं को लाने, ले जाने और खरीदी बिक्री पर रोक लगा दी थी, ताकि किसी तरह की हानि न हो सके.