ETV Bharat / state

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: पंडरिया MLA भावना बोहरा ने उठाए सवाल, सड़क-आवास, स्वास्थ्य सुविधा पर मांगा जवाब

छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के चौथे दिन कई मुद्दों की गूंज रही. पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने भी अपने क्षेत्र से जुड़े कई सवाल किए.

BHAVNA BOHRA IN CHHATTISGARH ASSEMBLY
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: पंडरिया MLA भावना बोहरा ने उठाए सवाल (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 26, 2026 at 7:44 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: विधायक भावना बोहरा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के सत्र में पंडरिया क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रश्नकाल में सवाल किए. उन्होंने सड़कों के नवीनीकरण, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, आवास योजना और आयुष्मान भारत योजना के भुगतान जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा. उनका कहना था कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता को परेशानी हो रही है और इन समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए.

नई सड़कें स्वीकृत, लेकिन नवीनीकरण शून्य

विजय शर्मा ने सदन में बताया कि कबीरधाम जिले में दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 28 नई सड़कों को स्वीकृति मिली है. इनमें से 9 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, 17 अधूरी हैं और 1 का काम शुरू नहीं हुआ है. हैरानी की बात यह रही कि इस अवधि में पुरानी सड़कों के नवीनीकरण के लिए एक भी स्वीकृति नहीं मिली.

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अपने क्षेत्र से जुड़े कई सवाल किए. (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

भावना बोहरा ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में एक भी सड़क के नवीनीकरण को मंजूरी नहीं दी गई. उन्होंने 45 जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया, जिनमें बकेला से खाम्ही, खैरावार से बोड़तरा, देवसरा से गोरखपुरकला समेत कुल 51 सड़कों के तत्काल नवीनीकरण की मांग की. उन्होंने कहा कि बजट और विभागीय भ्रम के कारण काम में देरी हो रही है.

कितने परिवारों को आवास प्रदान किया जा चुका है? वर्तमान में कितने परिवार आवास वंचित हैं? पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत आवासों के विरूद्ध पूर्णता का प्रतिशत क्या है? पंडरिया क्षेत्र में कितने आवास निर्माणधीन और कितने पूर्ण हुए हैं? पंडरिया क्षेत्र के अपूर्ण आवास कब तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है?- भावना बोहरा, विधायक, पंडरिया

सड़क स्वीकृति रद्द होने का मामला

भावना बोहरा ने बांगर मुख्य मार्ग से कोटनापानी सोलापारा तक ₹138.61 लाख की स्वीकृत सड़क को अचानक निरस्त किए जाने का मुद्दा भी उठाया. विभाग ने कहा कि यह सड़क पहले ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत हो चुकी थी. इस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले को खुद देखेंगे.

प्रधानमंत्री आवास योजना: 93% से अधिक आवास पूर्ण

आवास के मुद्दे पर सरकार ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पंडरिया क्षेत्र में 93.59 प्रतिशत आवास पूर्ण हो चुके हैं. 32,614 आवास बनकर तैयार हैं, जबकि 2,235 आवास निर्माणाधीन हैं. सरकार ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण योजना में निर्माण कार्य हितग्राही स्वयं करवाते हैं, इसलिए तय समय-सीमा बताना संभव नहीं है. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पंडरिया क्षेत्र की जानकारी शून्य बताई गई.

आयुष्मान भारत योजना में शिकायतें और कार्रवाई

श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रोत्साहन राशि के भुगतान में वर्तमान में कोई असमानता या विलंब नहीं है. हालांकि पहले कुछ शिकायतें मिली थीं. 1142 मामलों को दोबारा जिला अस्पताल को भेजा गया और संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर शिकायतों का निराकरण किया गया. एक मामले में जांच अभी जारी है.

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, मरीजों को किया जा रहा रेफर

सरकार के अनुसार कबीरधाम जिले में 30 डॉक्टरों और विशेषज्ञों के पद खाली हैं. इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, लेकिन कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं है. जनवरी 2024 से दिसंबर 2024 तक 500 मरीजों को, वर्ष 2025 में 594 मरीजों को और जनवरी 2026 में 57 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रायपुर या अन्य जिलों में रेफर किया गया. भावना बोहरा ने कहा कि डॉक्टरों और संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को बाहर जाना पड़ रहा है, जिसे दूर करने की जरूरत है.

छत्तीसगढ़ विधानसभा में कस्टोडियल डेथ के मुद्दे पर हंगामा, ड्रग्स मामले पर भी सवाल, विपक्ष ने किया वॉकआउट
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का चौथा दिन, प्रश्नकाल की कार्यवाही LIVE
रायपुर विधानसभा में NDPS पर ध्यानाकर्षण, बीजेपी विधायकों ने ही घेरा, मंत्री विजय शर्मा ने पेश किए आंकड़े