पंडरिया में आम महोत्सव का आयोजन, डांस समेत कई रोचक प्रतियोगिताएं हुईं, विधायक भावना बोहरा ने कार्यकर्ताओं का दिया साथ
बीजेपी युवा मोर्चा ने किया आयोजन, कई तरह के गेम्स के साथ ही ढोल की थाप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर डांस किया

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 3, 2026 at 8:58 PM IST
कवर्धा: जिले के पंडरिया में बीजेपी युवा मोर्चा ने आम महोत्सव का आयोजन किया. इसमें विधायक भावना बोहरा भी शामिल हुईं और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया. कई तरह के गेम्स के साथ ही ढोल की थाप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर डांस किया और विधायक बोहरा ने भी उनका साथ दिया.
तनाव से राहत के लिए आयोजन
कार्यकर्ताओं को राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों की व्यस्तता के बीच मानसिक-शारीरिक तनाव से राहत देने के लिए ये आम महोत्सव का आयोजन किया गया. नई ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से हुए आयोजन में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.
संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं. उनके उत्साह, स्वास्थ्य और मनोबल को बनाए रखने के लिए समय-समय पर ऐसे रचनात्मक और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे- विधायक भावना बोहरा

आम खाने जैसी कई रोचक प्रतियोगिता
महोत्सव के दौरान मनोरंजन, आपसी समन्वय और टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए आम के साथ दौड़, आम खाने जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को आकर्षक उपहारों के साथ विभिन्न किस्मों के आमों से सजी टोकरी भेंट कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में नृत्य और संगीत का भी विशेष आकर्षण रहा. युवा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ गीत-संगीत की धुन पर झूमते नजर आए. विधायक भावना बोहरा भी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं और उनके साथ कार्यक्रम का आनंद लेते हुए उनका उत्साह बढ़ाया. उनकी सहभागिता से आयोजन का माहौल और अधिक आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण बन गया.

कई तरह के दिखे आम
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रजातियों के आमों की सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र रही. रंग-बिरंगे और स्वादिष्ट आमों से सजी टोकरियों ने महोत्सव की रौनक बढ़ा दी. आयोजन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के बीच आपसी भाईचारे, सकारात्मक सोच और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना था.
प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष पीयूष ठाकुर ने कहा कि ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने के साथ संगठन के प्रति जुड़ाव को और मजबूत करते हैं.

