ETV Bharat / state

पंचकूला की "पंचम पूड़ी" आपने खाई क्या? पांच फ्लेवर की पूड़ियां और तीन सब्जियों का तड़का, बनी ट्राईसिटी की फेवरेट डिश

पंचकूला की "पंचम पूड़ी" यानी कि पांच फ्लेवर्ड पूड़ियों के साथ तीन सब्जियां लोगों की खास पसंद है. दूर-दूर से लोग इसे खाने आते हैं.

Panchkulas Famous Pancham Poori
पंचकूला की "पंचम पूड़ी" (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 2, 2026 at 11:20 AM IST

|

Updated : June 3, 2026 at 10:13 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: पंचकूला शहर के लोगों को "पंचम पूड़ी" का ज़ायका काफी पसंद है. दरअसल, यह डिश पंचकूला सेक्टर-7 स्थित हाऊस ऑफ नंद में मिलता है. बच्चे से लेकर महिलाएं-पुरूष और बुजुर्ग सभी इस "पंचम पूड़ी" के दिवाने हैं. हर किसी को इसका टेस्ट बेहद पसंद है. आखिर ये "पंचम पूड़ी" क्या है और कैसे तैयार की जाती है और क्यों ये लोगों की पसंद है, ये जानने के लिए ईटीवी भारत की टीम पंचकूला सेक्टर-7 स्थित हाऊस ऑफ नंद पहुंची.

पंचकूला की "पंचम पूड़ी" आपने खाई क्या? (ETV Bharat)

तीन सब्जियों और पांच पूड़ी का कॉम्बिनेशन: जैसे ही ईटीवी भारत की टीम हाऊस ऑफ नंद पहुंची, तो देखा कि लोगों को यहां "पंचम पूड़ी" तीन तरह की सब्जियों के साथ खास अंदाज में परोसा जा रहा है. खास बात यह है कि एक थाली में पांच अलग-अलग फ्लेवर की पूड़ियां दी जाती हैं. इन पांचों पुड़ियों के साथ तीन अलग-अलग सब्जियां ज़ायका बढ़ा देती है. इस डिश में जो पांच अलग-अलग फ्लेवर की पुड़ियां शामिल हैं, उनमें पालक पूड़ी, बिटरूट पूड़ी, पिट्‌ठी पूड़ी, अजवायन पूड़ी और आटा पूड़ी शामिल हैं. यह सभी पूड़ियां तीन तड़के वाली आलू की सब्जी, खट्‌टी-मिठी पेठा सब्जी और छोले की सब्जी के साथ परोसी जाती है. इसे खाने न केवल पंचकूला बल्कि ट्राईसिटी के लोगों के अलावा अन्य क्षेत्रों के लोग भी यहां पहुंचते है.

Panchkulas Famous Pancham Poori
"पंचम पूड़ी" (ETV Bharat)

क्या कहते हैं खाने के शौकीन: तड़केदार सब्जियों के साथ पांच पूड़ियों के कॉम्बिनेशन को लेकर दुकान में खाना खाने पहुंचे लोगों से ईटीवी भारत ने बातचीत की. यहां पुणे से पहुंची श्वेता सहदेव मिलीं, जिन्होंने बताया कि, "यहां मिलने वाली पंचम पूड़ी डिश उनकी पसंदीदा डिश में से एक है. वह सबसे अधिक इस डिश को नाश्ते में खाना पसंद करती हैं लेकिन इसका कमाल का ज़ायका होने के चलते वह लंच में भी अपनी इस फेवरेट डिश को खाना पसंद करती हैं. दुकान में मिलने वाली इन पूड़ियों को ताज़ा तेल में बनाया जाता है, जिससे किसी प्रकार की कोई गंध नहीं आती. यही कारण है कि भले ही कितनी ही गर्मी क्यों न हो लेकिन इसे खाने से नुकसान नहीं होता."

Panchkulas Famous Pancham Poori
पांच फ्लेवर की पुड़ियां (ETV Bharat)

परिवार के साथ "पंचम पूड़ी" का स्वाद दोगुना: वहीं, यहां खाने आए निखिल ने बताया कि, " "पंचम पूड़ी" सबसे पहले उन्होंने हाऊस ऑफ नंद में ही खाई और तभी से यह डिश उनकी पसंदीदा बन गई. हम परिवार के साथ भी यहां पहुंचते हैं और सभी पारिवारिक सदस्यों को इस डिश का स्वाद/ज़ायका काफी पसंद आता है. स्थानीय निवासी होने के चलते हम अक्सर परिवार के साथ इस डिश को खाने के लिए यहां आ जाते हैं."

Panchkulas Famous Pancham Poori
पांच फ्लेवर की पुड़ियां और तीन सब्जियों का तड़का (ETV Bharat)

"अधिक मसालेदार व तीखी नहीं": वहीं, एक अन्य ग्राहक प्रीति शर्मा ने कहा कि, "इस "पंचम पूड़ी" का स्वाद मुझे और मेरी बेटी को खूब पसंद आया. सभी पांच प्रकार की पूड़ियां और तड़केदार सब्जियां ज़ायका बढ़ाती हैं. यहां मिलने वाली यह डिश बाजारों में मिलने वाली अन्य डिश की तरह अधिक मसालेदार व तीखी नहीं होती, बल्कि हर उम्र वर्ग के लोग इसे स्वाद से आसानी से खा लेते हैं. इस डिश का स्वाद ठीक वैसा ही रहता है, जैसे घरों में हल्के मसालों के साथ सब्जियां बनाई जाती हैं. यहां मिलने वाली इस "पंचम पूड़ी" के बारे में उन्हें अपने जानकारों से पता लगा और जब इसे खाने पहुंचे तो वाकई यह डिश पसंद आई. क्योंकि अधिक मसाले नहीं होने से इसे खाकर भारीपन महसूस नहीं होता और ज़ायका भी बना रहता है."

20 सालों से बन रही "पंचम पूड़ी": वहीं, दुकान के प्रबंधक गोविन्द ने बताया कि, "करीब बीस वर्ष पहले इस "पंचम पूड़ी" की शुरूआत की गई थी. इसके बाद से लोगों में इसकी डिमांड बढ़ती गई और यह डिश हर उम्र वर्ग के लोगों की पसंद बन गई. इस डिश के ऑर्डर न केवल दुकान में आए लोग ही करते हैं, बल्कि ऑनलाइन सर्विस के माध्यम से भी इस डिश के काफी ऑर्डर मिलते हैं. इसके अलावा यहां अन्य कई तरह के स्नैक्स भी लोग काफी पसंद करते हैं, जिनमें से "पंचम पूड़ी" टॉप ऑर्डर में शामिल है."

ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ का "बबलू शाह पराठे वाला" बना फूड लवर्स की पहली पसंद, सुबह से लगी रहती है ग्राहकों की भीड़

Last Updated : June 3, 2026 at 10:13 AM IST