पंचकूला: मंदिर में भगवान के सामने भिड़े दो सगे भाई, संपत्ति विवाद में एक ने दूसरे पर बैट से हमला किया
पंचकूला में संपत्ति विवाद में एक सगे भाई ने दूसरे पर मंदिर में हमला कर दिया है. पुलिस जांच में जुट गई है.

Published : February 23, 2026 at 8:41 PM IST
पंचकूला: शहर के सेक्टर-9 स्थित मंदिर में सोमवार सुबह माथा टेकने आए एक व्यक्ति पर उनके ही सगे भाई ने क्रिकेट बैट से हमला कर दिया. आरोपी भाई पर लगातार बैट से हमला करता रहा, जिस दौरान व्यक्ति ने बचाव किया तो दोनों पास में रखी कुर्सियों पर जा गिरे. मौके पर पीड़ित के परिजन भी मौजूद थे, जो बचाव के लिए चीख-पुकार करने लगे. इस दौरान मंदिर के अंदर अन्य श्रद्धालु भी मौजूद थे लेकिन मामला पारिवारिक विवाद का होने का होने के चलते कोई बीच बचाव करने नहीं आया. हालांकि, यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
हमले का वीडियो हुआ वायरल: मंदिर में दोनों भाइयों के बीच हुए झगड़े की इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है. साथ ही हमले में घायल व्यक्ति के बयान लेने के लिए उनसे भी पूछताछ की जा रही है.
संपत्ति विवाद में किया हमला: आरोपी की पहचान पीड़ित के छोटे भाई अमित गुप्ता के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति की पहचान कमल मोहन के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि "यह झगड़ा दोनों भाइयों के बीच संपत्ति विवाद के चलते हुआ है. दोनों के बीच एक मकान को लेकर विवाद चल रहा है." बताया गया कि मकान फिलहाल आरोपी अमित गुप्ता के नाम पर है लेकिन कमल मोहन ने इस मकान को लेकर सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया था, जिसमें वह केस हार गए थे.
सेशन कोर्ट में लंबित है मामला: पुलिस ने बताया कि "अब कमल मोहन ने मकान विवाद में सेशन कोर्ट में अपील दायर की हुई है, इसी कारण दोनों के बीच पहले मंदिर के बाहर मतभेद हुआ था. इसके बाद कमल मोहन मंदिर के अंदर माथा टेकने गए तो कुछ देर बाद पीछे से आरोपी अमित गुप्ता भी क्रिकेट बैट लेकर अंदर आ पहुंचा. फिर अचानक बड़े भाई कमल मोहन पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों में हाथापाई हो गई."
1985 में खरीदा गया था मकान: पुलिस ने बताया कि "1985 में विवादित मकान को मां-पिता द्वारा खरीदा गया था और उन्होंने के नाम पर 50-50% की हिस्सेदारी थी. इसके बाद 1998 में जब इनके पिता का देहांत हो गया तो मकान पूरी तरह से मां के नाम आ गया. इसके बाद वर्ष 2011 में मां ने मकान अपने सबसे छोटे बेटे अमित गुप्ता के नाम कर दिया." वहीं, बताया गया कि कमल मोहन 2005 से इस घर को छोड़ गए और अमरावती में अलग मकान में रहने लगे थे. पुलिस ने कहा कि आरोपी अमित गुप्ता को हमला कर चोट पहुंचाने के आरोप में हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई की जाएगी.

