पंचकूला में नए साल पर माता श्री मनसा देवी के दर्शन के लिए गाइडलाइन जारी, जानें क्या है नियम और स्पेशल इंतजाम
पंचकूला में माता श्री मनसा देवी के दर्शन से नव वर्ष की शुरुआत करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.


Published : December 29, 2025 at 12:13 PM IST
|Updated : December 29, 2025 at 12:33 PM IST
पंचकूला: नववर्ष की पूर्व संध्या 31 दिसंबर और 1 जनवरी 2026 को माता श्री मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के भारी संख्या में पहुंचने की संभावना है. जिसके मद्देनजर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं. इस संबंध में जिला उपायुक्त ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा भी की.
माता के दर्शन के लिए गाइडलाइन: माता श्री मनसा देवी मंदिर में बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और दिव्यांग एक सहायक के साथ लिफ्ट के माध्यम से माता के दर्शन कर सकेंगे. इसके अलावा, ऐसे श्रद्धालु, जो समय के अभाव व अन्य कारणों की वजह से बिना कतार में लगे माता के दर्शन करना चाहते हैं, उनके लिए मंडप और सुगम दर्शन की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है. श्रद्धालु 500 रुपये की दान राशि से मंडप से माता के दर्शन कर सकते हैं. इसके अलावा, 100 रुपये की दान राशि से सत्संग भवन के समीप स्थित गेट नंबर 2 से भी माता के दर्शन कर सकेंगे. यह टोकन सुविधा ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध रहेगी.
मंदिर खुलने का समय: ऑनलाइन माध्यम से टोकन प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की वेबसाइट https://mansadevi.org.in. पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, मंदिर परिसर में स्थित सुविधा केंद्र और दान केंद्रों पर भी यह सुविधा ऑफलाइन उपलब्ध होगी. श्रद्धालु किसी भी तरह की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0172-2920988 पर संपर्क कर सकते हैं. बताया गया कि 31 दिसंबर को मंदिर सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक और 1 जनवरी 2026 को सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक दर्शन के लिए खुला रहेगा.
दो दिन के लिए अस्थाई बस स्टैंड स्थापित: जिला उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक सतपाल शर्मा द्वारा पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन के लिए नाके के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही कानून व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने के भी निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा, उक्त दो दिन माता मनसा देवी गौधाम के समीप अस्थाई बस स्टैंड स्थापित किया जाएगा. मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से कतार में दर्शन कराने के लिए होमगार्ड और भूतपूर्व सैनिक गार्ड के अलावा, माता श्री मनसा देवी सेवक दल के स्वयं सेवकों का सहयोग भी लिया जा रहा है.

मेडिकल सुविधा और अन्य बचाव उपाय: जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा द्वारा स्वास्थ्य विभाग को श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की डिस्पेंसरी में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने अग्निशमन अधिकारी पंचकूला को भी दुर्घटना से निपटने के लिए पर्याप्त अग्निशमन वाहन की व्यवस्था के निर्देश दिए. जबकि मंदिर परिसरों में निर्बाध बिजली के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता को व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. इसके अलावा, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, मंदिर परिसर में स्थित महिला व पुरूष शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा. जूता घर में तैनात सेवा कर्मियों का नाम और मोबाईल नंबर चस्पा करने को भी कहा, कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
मां भगवती की विशाल चौकी का आयोजन: माता श्री मनसा देवी सेवा ट्रस्ट (रजि.) पंचकूला, द्वारा 31 दिसंबर (बुधवार) को मां भगवती की भव्य एवं विशाल चौंकी का आयोजन ग्रेन मार्केट स्थित भंडारा हॉल के सामने, माता मनसा देवी कॉम्प्लेक्स, पंचकूला में किया जाएगा. इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को औपचारिक रूप से कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया है. साथी पंजाब के जल संसाधन मंत्री बीरेंद्र गर्ग को भी आमंत्रित किया गया है. ट्रस्ट के चेयरमैन संदीप गुप्ता ने बताया कि मां भगवती की चौकी में प्रसिद्ध भजन गायक राजफुल कुचरानियां और कंठ कलेर अपनी प्रस्तुति देंगे.
बैठक में यह सभी अधिकारी हुए शामिल: माता श्री मनसा देवी मंदिर के आवश्यक प्रबंधों संबंधी बैठक में श्री माता मनसा देवी मंदिर पूजा स्थल बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर कालका के सचिव पृथ्वीराज, श्री माता मनसा देवी साइन बोर्ड के एसडीओ राकेश पाहुजा, हेड पुजारी भगवती प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग से सीएमओ डाॅ. मीनू सचदेवा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ धर्मेंद्र सिंह, हरियाणा रोडवेज से सतबीर सिंह, सीटीयू से करनैल सिंह, फायर सेफ्टी अधिकारी कार्यालय से वीरेंद्र सिंह के अलावा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम व अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: Shardiya Navratri 2025 : पंचकूला के माता मनसा देवी मंदिर में होगा नवरात्र मेला, किए गए ये ख़ास इंतज़ाम
ये भी पढ़ें: पंचकूला मनसा देवी मंदिर नवरात्रि पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया, भक्तों का उमड़ा सैलाब

