पंचकूला मेयर चुनाव 2026: सुधा भारद्वाज कांग्रेस मेयर प्रत्याशी घोषित, पार्टी अध्यक्ष राव नरेंद्र ने किया ऐलान
पंचकूला मेयर चुनाव के लिए कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज को उम्मीदवार घोषित किया. जिसकी घोषणा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने पार्टी बैठक के बाद की.

Published : April 19, 2026 at 2:24 PM IST
पंचकूला: नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए सुधा भारद्वाज को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है. इस घोषणा के साथ ही स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है. पार्टी ने काफी विचार-विमर्श के बाद इस नाम पर मुहर लगाई है. सुधा भारद्वाज का नाम सामने आने के बाद अब मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है.
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने की आधिकारिक घोषणा: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने आधिकारिक तौर पर सुधा भारद्वाज के नाम की घोषणा की. उन्होंने बताया कि "ये फैसला पार्टी की अहम बैठक में लिया गया, जिसमें वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय को ध्यान में रखा गया. पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी. संगठन पूरी ताकत के साथ प्रत्याशी के समर्थन में काम करेगा."
श्रीमती सुधा भारद्वाज जी (पंचकूला) को हरियाणा नगर निगम चुनावों में कांग्रेस पार्टी का महापौर प्रत्याशी मनोनीत होने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ।
— Haryana Congress (@INCHaryana) April 19, 2026
कांग्रेस पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि आप पार्टी की रीति-नीति और कांग्रेस पार्टी के जनकल्याणकारी संदेश को निगम चुनाव के माध्यम… pic.twitter.com/ll1C6KPT43
बैठक में सहमति के बाद लिया गया निर्णय: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि "उम्मीदवार चयन को लेकर कई दौर की चर्चा हुई, जिसके बाद सुधा भारद्वाज के नाम पर सहमति बनी. बैठक में स्थानीय समीकरण, उम्मीदवार की लोकप्रियता और संगठनात्मक मजबूती जैसे पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अंत में ये तय किया गया कि सुधा भारद्वाज पार्टी के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा होंगी."
राव नरेंद्र ने दी बधाई: राव नरेंद्र सिंह ने सुधा को बधाई देते हुए कहा कि "सुधा भारद्वाज कांग्रेस की जुझारू, कर्मठ एवं समर्पित नेत्री हैं, जिन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने हरियाणा महिला कांग्रेस की कमान भी बेहद कुशलता और जिम्मेदारी के साथ संभाली तथा अपने कार्यकाल में संगठन हित में अनेक सराहनीय कार्य किए. सुधा भारद्वाज ने हर स्तर पर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने का कार्य किया है."
चुनावी मुकाबला होगा दिलचस्प: सुधा भारद्वाज के मैदान में उतरने के बाद पंचकूला का मेयर चुनाव अब और भी दिलचस्प हो गया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस इस बार मुकाबले को कड़ा बनाने की कोशिश में है. आने वाले दिनों में अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद चुनावी तस्वीर और साफ होगी. फिलहाल कांग्रेस इस घोषणा के जरिए अपनी रणनीति का संकेत दे चुकी है और चुनावी तैयारियों में जुट गई है.

