ETV Bharat / state

पंचकूला के पिंजौर में डीसी का रात्रि ठहराव: डंगे लगाने की मांग को लेकर समिति गठित, ग्रामीणों की 35 समस्याएं सुनीं

पिंजौर में उपायुक्त ने रात्रि ठहराव के दौरान लोगों की 35 समस्याएं सुनीं, इस दौरान डीसी ने डंगे के लिए समिति गठित की.

Panchkula DC Hears 35 Grievances in Pinjore
पंचकूला के पिंजौर में डीसी का रात्रि ठहराव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 20, 2026 at 9:49 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: जिला पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा ने खंड पिंजौर के गांव खोल फतेह सिंह स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में गत बुधवार की रात आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए. इस रात्रि ठहराव के दौरान उपायुक्त ने कुल 35 समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा.

यह समस्याएं मुख्य रहीं और डंगे लगाने को समिति गठित: ग्रामीणों ने उपायुक्त से डंगे लगाने, कच्चे रास्तों को पक्का करने, वृद्धावस्था सम्मान पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल आपूर्ति और वोटर कार्ड बनवाने संबंधी समस्याएं रखीं. इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने गांव में घरों के आसपास डंगे लगाने की मांग पर सिंचाई विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए. गांव का एक व्यक्ति भी इस समिति का सदस्य होगा. यह समिति प्राप्त आवेदनों के आधार पर मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आवश्यकतानुसार डंगे लगाए जाएंगे. ग्रामीणों ने अवगत कराया कि गांव नदी किनारे स्थित होने के कारण बरसात के दिनों में पानी घरों के सामने इकट्ठा हो जाता है.

स्टोन क्रेशर/वॉशिंग प्लांट से प्रदूषण:गांव के समीप संचालित स्टोन क्रेशर/वॉशिंग प्लांट से प्रदूषण की शिकायत पर उपायुक्त ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी और जिला माइनिंग अधिकारी को समय-समय पर संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि स्टोन क्रेशर एवं वॉशिंग प्लांट नियमानुसार संचालित हों.

गर्भवती महिलाओं और बाल योजनाओं के बोर्ड लगाएं: उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी संबंधी बोर्ड गांव में लगाए जाएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की सही जानकारी मिल सके. इसके अलावा पेयजल व्यवस्था की मांग पर उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि गांव के लिए एक नए ट्यूबवेल की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसे आगामी दो महीने में इसे स्थापित कर दिया जाएगा. उसके बाद पेयजल संबंधी समस्या का समाधान हो जाएगा.

डीसीपी के सामने अवैध खनन की शिकायत: ग्रामीणों ने कार्यक्रम के दौरान अवैध खनन की शिकायत भी रखी, जिस पर पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता ने कहा कि अवैध माइनिंग और कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई भी सूचना संबंधित चौकी प्रभारी को दी जाए. इसके अतिरिक्त वह सीधे उनसे भी संपर्क कर सकते हैं. कहा कि शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी. इससे पूर्व उपायुक्त ने राजकीय विद्यालय में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जन-कल्याणकारी योजनाओं संबंधी स्टॉलों का निरीक्षण किया. गांव पहुंचने पर सरपंच ममता द्वारा उपायुक्त का स्वागत भी किया गया.

यह अधिकारी रहे मौजूद: इस अवसर पर एसडीएम कालका संयम गर्ग, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विनय प्रताप, तहसीलदार कालका विवेक गोयल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता समीर शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. विशाल सैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता नेहरा समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में शुक्रवार से बजट सत्र, सत्ता पक्ष और विपक्ष ने कसी कमर, बैठकों में बनी वार-पलटवार की रणनीति