पंचकूला में ड्राइवर ने कारोबारी मालिक का तोड़ा भरोसा, डुप्लीकेट रिमोट की मदद से फॉर्च्यूनर से ले उड़ा 2.20 लाख रुपये, गिरफ्तार
पंचकूला में कारोबारी मालिक का भरोसा तोड़ने वाले चालक को पुलिस ने चोरी की गई 1.70 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

Published : February 23, 2026 at 8:41 PM IST
पंचकूला: एक कारोबारी को अपने ड्राइवर पर जरूर से ज्यादा भरोसा करना पंचकूला में महंगा पड़ गया. दरअसल, आरोपी पांच साल से बतौर ड्राइवर नौकरी कर रहा था, जिसके चलते कारोबारी मालिक उस पर काफी भरोसा करने लगा. लेकिन आरोपी ड्राइवर ने मालिक की फॉर्च्यूनर गाड़ी के रिमोट की डुप्लीकेट कॉपी बनाकर गाड़ी में रखे 2.20 लाख रुपये साफ कर दिए. हालांकि, मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. साथ ही आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी रकम बरामद कर ली गई है.
दो दिनों में साफ की रकम: एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि "बीती 21 फरवरी को सेक्टर-2 पुलिस चौकी में कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने कारोबार के सिलसिले में अपनी फॉर्च्यूनर कार में अकसर नकदी रखते हैं." बताया कि "बीती 16 फरवरी को उनकी गाड़ी में करीब तीन लाख रुपये रखे हुए थे लेकिन 17 फरवरी की सुबह उन्होंने देखा कि उनमें से 1. 70 लाख रुपये गायब थे. इसके अगले दिन दोबारा गाड़ी से पचास हजार रुपये चोरी हो गए. इस तरह आरोपी ड्राइवर ने कार से कुल दो लाख बीस हजार नकदी चोरी की. शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया."
24 घंटे में गिरफ्तार किया आरोपी: एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम के इंचार्ज सुनील कुमार और जांच अधिकारी एएसआई कर्मजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच की. इस दौरान कारोबारी के 45 वर्षीय ड्राइवर राजीव पर शक गहराया. आरोपी राजीव मूल रूप से रोहतक के कन्हेली और वर्तमान में पंचकूला के सेक्टर-2 में रह रहा था. शक पुख्ता होने पर पुलिस ने महज चौबीस घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी राजीव को काबू कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने विश्वासघात करते हुए गाड़ी के रिमोट की एक डुप्लीकेट कॉपी बनवाई और फिर मौका पाकर गाड़ी खोलकर पैसे चोरी कर लेता था.
घरेलू सहायकों और ड्राइवर की वेरिफिकेशन कराएं: डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि "पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए पूरे 2.20 लाख रुपये बरामद किए हैं. आरोपी ने शिकायतकर्ता के भरोसे का फायदा उठाते हुए बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया था. लेकिन क्राइम यूनिट ने त्वरित कार्रवाई के जरिए उसे भागने का मौका नहीं दिया." उन्होंने नागरिकों से अपील में कहा कि सभी अपने घरेलू सहायकों या ड्राइवरों पर आंख मूंदकर विश्वास न करें. साथ ही उनकी पुलिस वेरिफिकेशन भी अवश्य कराएं.

