ETV Bharat / state

तालेड़ा में सरपंच चुनाव में नोट बांटने के आरोप पर बवाल, ग्रामीणों ने पूर्व उपप्रधान को घेरा

मौके पर पहुंची पुलिस ने पूर्व उपप्रधान को सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षित निकाला. पुलिस ने नोट बांटने के आरोपों की पुष्टि नहीं की है.

पुलिस सुरक्षा में पूर्व उपप्रधान को ले जाती तालेड़ा पुलिस
पुलिस सुरक्षा में पूर्व उपप्रधान को ले जाती तालेड़ा पुलिस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : November 5, 2026 at 10:43 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी : राजस्थान में पंचायत चुनाव की सरगर्मियों के बीच गुरुवार सुबह सरपंच चुनाव में रघुनाथपुरा पंचायत क्षेत्र में कथित रूप से नोट बांटने के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हो गया. पाटन तिराहे के आसपास ग्रामीणों ने तालेड़ा पंचायत समिति के पूर्व उपप्रधान रघु शर्मा को घेर लिया. ग्रामीणों का आरोप था कि पूर्व उपप्रधान अपने सरपंच प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को रुपए बांट रहे थे. हंगामे के बीच ग्रामीणों ने रघु शर्मा और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की. मौके पर पहुंची पुलिस ने पूर्व उपप्रधान को सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षित निकाला. हालांकि, पुलिस ने नोट बांटने के आरोपों की पुष्टि नहीं की है.

मामले में तालेड़ा थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि पुलिस को नोट बांटने की कोई पुष्टि नहीं हुई है. रघु शर्मा किसी व्यक्ति के घर बैठकर चाय पी रहे थे. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने नोट बांटने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया. रघु शर्मा ने खुद फोन कर पुलिस को सूचना दी थी और आशंका जताई थी कि कुछ लोग उनके साथ मारपीट या हाथापाई कर सकते हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें पुलिस वाहन में बैठाकर सुरक्षित थाने लेकर आई. बाद में उन्हें रवाना कर दिया गया. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है. उन्होंने चुनाव के दौरान बेवजह अफवाह फैलाने से बचने की बात भी कही.

इसे भी पढे़ं. धौलपुर में चुनाव चिन्ह आवंटन पर बवाल, VDO से मारपीट...तीन ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित

ग्रामीणों ने किया हंगामा, पूर्व उपप्रधान को घेरा : घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे की बताई जा रही है. रघुनाथपुरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर प्रत्याशियों का प्रचार जोरों पर था. इसी बीच पाटन तिराहे के आसपास उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कुछ ग्रामीणों ने पूर्व उपप्रधान रघु शर्मा पर मतदाताओं को रुपए बांटने का आरोप लगाते हुए उन्हें घेर लिया. ग्रामीणों का कहना था कि रघु शर्मा के संबंधित व्यक्ति सरपंच के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. ऐसे में वह मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए घर-घर जाकर नोट बांट रहे हैं. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया.

इसे भी पढे़ं. डीडवाना-कुचामन: मारोठ में फर्जी मतदान का आरोप, डारापुरा में ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

पूर्व उपप्रधान की चुनौती- नोट बांटने का सबूत दें : वहीं, पूर्व उपप्रधान रघु शर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक छवि खराब करने के उद्देश्य से जानबूझकर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. वह अपनी पंचायत से संबंधित प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी के आगे और पीछे वाहन लगाकर उन्हें घेरने और हमला करने का प्रयास किया. किसी अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी को फोन कर पुलिस सहायता मांगी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाया. शर्मा ने कहा कि उनका प्रत्याशी चुनाव में मजबूत स्थिति में है और जीत की ओर बढ़ रहा है. इसी से कुछ लोग हताश होकर मनगढ़ंत आरोप लगाकर चुनावी माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने चुनौती दी है कि यदि उन्होंने किसी को नोट बांटे हैं या उनके पास से कोई पैसा बरामद हुआ है तो इसका सबूत सामने लाया जाए.

इसे भी पढे़ं. कोटपूतली में फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में जमकर चले लात–घूंसे