बागपत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले पंचायत, प्रत्याशियों ने ली शपथ, बोले- हार बर्दाश्त, पर शराब नहीं बांटेंगे
बागपत के ढिकौली गांव में हुई पंचायत में पंचों के सामने प्रत्याशियों ने नशे के खिलाफ सौगंध ली. चुनाव में शराब बंदी का समर्थन किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 6:31 PM IST
बागपत : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी में लगे प्रत्याशियों ने रविवार को पंचायत की. ढिकौली गांव में हुई पंचायत में पंचों के सामने प्रत्याशियों ने नशे के खिलाफ सौगंध ली. पंचों ने चुनाव में शराब बांटने पर लगाम लगाने की बात कही. इसपर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोगों ने कहा कि चुनाव में हारना बर्दाश्त है, मगर शराब नहीं बाटेंगे.
आर्मी से रिटायर और चुनाव की तैयारी में लगे तरुण कुमार ने कहा कि चुनाव में शराब बांटने पर रोक लगनी चाहिए. मैं किसी भी वोटर को वोट के बदले शराब नहीं दूंगा.
पंचायत को खाप का भी समर्थन मिला. पंचायत में पहुंचे खाप चौधरियों ने भी बड़े फैसले लिए. पंचायत चुनाव में पूरी तरह से शराब बंदी करने की बात कही. पंचायत में कहा गया कि जल्द ही बड़े खाप चौधरियों को एकजुट कर बड़ा निर्णय लिया जाएगा.
पंचायत में शामिल कुछ खाप मुखिया ने कहा कि लिविंग रिलेशनशिप और तलाक की जड़ शराब ही है. शराब के कारण बच्चे बर्बाद हो रहे हैं. इसके लिए खाप बड़ी मुहिम चलाएगा.
पंचायत के आयोजक सोमेंद्र तोमर ने कहा, जल्द ही ग्राम पंचायत चुनाव होने वाले हैं. सभी लोग चुनाव की तैयारी में लगे हैं. समाज नशे की गर्त में जा रहा है. समाज को नशे से मुक्त कराने का संकल्प लिया गया है. चुनाव को शराब मुक्त बनाएंगे. सरकार से भी अपील है कि मेडिकल स्टोर पर बिकने वाली दवाई बिना डॉक्टर के पर्चे के नहीं दी जाए.
सोमेंद्र तोमर ने बताया, पंचायत चुनाव की तैयारी में लगे सभी प्रत्याशियों ने आज पंचायत के सामने शराब बंदी को लेकर संकल्प लिया है. चुनाव में मतदाता वोट दे या नहीं दे शराब नहीं बांटेंगे.

