पलवल के छांयसा गांव में मौतों पर सरकार सतर्क, झोलाछाप डॉक्टर रडार पर, स्वास्थ्य मंत्री बोलीं- "जांच शुरू,दोषी को नहीं बख्शा जाएगा"
छांयसा मौत मामले में मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है. दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

Published : February 16, 2026 at 3:46 PM IST
|Updated : February 16, 2026 at 4:02 PM IST
पलवल: हरियाणा के पलवल जिले के गांव छांयसा में हो रही लगातार मौतों के मामले में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बड़ा बयान दिया है. पलवल जिला लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित ग्रीवेंस मीटिंग के दौरान मंत्री ने कहा कि, "सरकार ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. हमें आशंका है कि गलत तरीके से लगाए गए इंजेक्शन के कारण हेपेटाइटिस फैल सकता है. इस एंगल से जांच की जा रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा."
झोलाछाप डॉक्टर जांच के घेरे में: स्वास्थ्य मंत्री ने साफ शब्दों में कहा, “हेपेटाइटिस इंजेक्शन के माध्यम से सबसे जल्दी फैलता है. इसलिए यह देखा जा रहा है कि कहीं किसी झोलाछाप डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन तो नहीं लगाया. विभाग की टीमें सक्रिय हैं और गांव में मेडिकल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. यदि लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई होगी." उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे केवल पंजीकृत डॉक्टरों से ही इलाज कराएं.
ग्रीवेंस मीटिंग में 14 शिकायतों पर सुनवाई: ग्रीवेंस मीटिंग में कुल 14 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 5 को पेंडिंग रखा गया जबकि बाकी शिकायतों का मौके पर समाधान कर दिया गया. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाए. मंत्री आरती राव ने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”
स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी: मंत्री ने हरियाणा में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा, “यह सही है कि पलवल ही नहीं, पूरे प्रदेश में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी है. सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है.” साथ ही उन्होंने केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली प्राथमिकता को सराहनीय बताया.
राजनीतिक सवालों पर साधी चुप्पी: मीटिंग के दौरान पत्रकारों ने उनके पिता केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप पर सवाल पूछा, लेकिन मंत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और सवाल को अनसुना कर दिया.
ये भी पढ़ें:पलवल के छांयसा गांव में हेपेटाइटिस ने बरपाया कहर, 7 लोगों की मौत, हेल्थ डिपार्टमेंट ने जारी की ए़डवाइज़री

