सफाई के नाम पर जेवर उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्य पलामू में गिरफ्तार, बिहार के सुपौल से संचालित हो रहा गिरोह
जेवर चमकाने के नाम पर जेवर उड़ाने वाले गिरोह के आधा दर्जन सदस्य पलामू पुलिस के हत्थे चढ़े हैं.

Published : June 3, 2026 at 1:53 PM IST
पलामूः सफाई के नाम पर जेवरात गायब करने वाले इंटर स्टेट गिरोह के छह सदस्यों को पलामू पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के सुपौल जिला के रहने वाले हैं. यह गिरोह चांदी की सफाई के नाम पर जेवरात को गायब कर देते थे.
दरअसल, पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी गांव में एक महिला बिहार के सुपौल के रहने वाले दो युवक से चांदी के जेवरात को साफ करवा रही थी. चांदी के जेवर को साफ करवाने के बाद महिला ने सोने का मंगलसूत्र साफ करवाया था. इसी क्रम में दोनों युवकों ने मंगलसूत्र की जगह कागज में पाउडर लपेट कर दे दिया था. महिला जागरूक थी उसने कागज खोलकर देखा और दोनों युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी.
मामले की जानकारी मिलने के बाद नौडीहा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया. दोनों युवकों की निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को पकड़ा गया. पकड़े गए आरोपियों में प्रिंस कुमार और राहुल कुमार बिहार के सुपौल के जदिया बाजार के रहने वाले हैं. वहीं प्रभु कुमार शाह, रोहन कुमार, अक्षय कुमार सुपौल के रानीगंज थाना क्षेत्र के मटियारी निवासी हैं. जबकि रोहित कुमार सुपौल के जदिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
एसडीपीओ ने दी जानकारी
इस संबंध में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है. गिरोह के सदस्य जेवर की सफाई के नाम पर उसे गायब कर देते थे. नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के पास एक केमिकल मिला है. चांदी की सफाई के दौरान चांदी के कुछ भाग को गायब कर दिया जाता था. जबकि सोने के जेवरात को पूरी तरह से गायब कर दिया जाता था.
यह गिरोह झारखंड के कई जिलों में था सक्रिय
यह गिरोह पलामू, चतरा और हजारीबाग समेत कई इलाकों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. गिरोह के सदस्य जिस इलाके में घटना को अंजाम देते थे उससे करीब 100 किलोमीटर दूर किराए के मकान में रहते थे. पुलिस की छापेमारी में नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी नीरज कुमार, सब इंस्पेक्टर रोहित चौहान, एएसआई दीपक कुमार राजेश बैठा समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे.
ये भी पढ़ें-
सास बहू से गहना साफ करने के नाम पर ठगी, लगाया डेढ़ लाख का चूना
धनबाद में जेवर साफ करने नाम पर ठगी, रिटायर्ड फौजी को चकमा देकर की लाखों के गहनों की चोरी
जेवर साफ करने के नाम पर ठगी करने वालों को ग्रामीणों ने पीटा, पुलिस ने दोनों आरोपी को किया गिरफ्तार

