विजय जुलूस में बेहोश हुए पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, अस्पताल में भर्ती
पलामू सांसद वीडी राम की तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Published : February 28, 2026 at 2:43 PM IST
रिपोर्ट-नीरज कुमार
पलामू:मेदिनीनगर नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर अरुणा शंकर के विजय जुलूस में पलामू सांसद विष्णुदयाल बेहोश हो गए. बेहोश होने के बाद विष्णुदयाल राम को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार सांसद विष्णुदयाल राम की हालत स्थिर है. डॉक्टरों के अनुसार गर्मी के कारण पलामू सांसद विष्णुदयाल राम बेहोश हो गए थे.
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने बताया कि सांसद की पहले से तबीयत खराब थी और विजय जुलूस में वह बेहोश हो गए थे. सांसद की हालत फिलहाल स्थिर है और वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं. उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है जिसके बाद वे घर चले गए हैं.

दरअसल, नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी अरुणा शंकर की जीत हुई है. शनिवार को मेयर अरुणा शंकर का विजय जुलूस निकला था. जुलूस पूरे शहर का भ्रमण करते हुए शहर के बाजार के इलाके में पहुंचा था. पलामू सांसद खुली जीप में विजय जुलूस में शामिल हुए थे. इस क्रम में वह बेहोश हो गए.
जुलूस में शामिल सांसद विष्णुदयाल राम की बेटी स्मिता आनंद और भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेता उन्हें लेकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे.वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, आनंद शंकर समेत बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे थे.

आपको बता दें कि पलामू सांसद विष्णुदयाल राम 2014 में डीजीपी पद से रिटायर होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते थे. 2019 और 2024 के लोकसभा में विष्णुदयाल राम भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर पलामू से सांसद चुने गए हैं.
ये भी पढ़ें-
अभिनेत्री जया प्रदा का पलामू में रोड शो, मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के पक्ष में किया प्रचार
गढ़वा में सांसद बीडी राम की अध्यक्षता में दिशा की बैठक, समीक्षा के दौरान कई सवालों का नहीं मिला जवाब

