पाकुड़ में बकरीद को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस, कानून व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पाकुड़ पुलिस ईद उल अजहा त्योहार को लेकर काफी गंभीर नजर आ रही है.

Published : May 26, 2026 at 7:02 PM IST
पाकुड़: जिले में ईद उल अजहा त्योहार शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है. पुलिस केंद्र में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को एसपी अनुदीप सिंह ने ब्रीफ किया और ड्यूटी के दौरान सावधानी एवं सतर्कता बरतने, टीम भावना के तहत काम करने एवं दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ फ्लैग मार्च
वहीं उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं एसपी ने अधिकारियों और जवानों के साथ फ्लैग मार्च किया. फ्लैग मार्च के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने लोगों से बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. मौके पर डीसी मेघा भारद्वाज ने कहा कि बकरीद त्योहार को लेकर अधिकारियों एवं जवानों को ब्रीफ किया गया है. साथ ही उनके दायित्व को भी समझाया गया है.
अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर: डीसी
त्योहार को लेकर खासकर सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर है और अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश अधिकारियों एवं जवानों को दिया गया है. डीसी ने बताया कि लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं.
क्षेत्र में क्यूआरटी की तैनाती
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर पुलिस सभी चौक चौराहे, मस्जिद, ईदगाह के पास तैनात रहेगी. 14 स्पेशल क्यूआरटी बनाई गई है, जो इलाके में गश्त करते रहेंगे और किसी भी परिस्थिति से निपटने, सहयोग करने का काम करेंगे. इसके साथ ही थाने का गश्ती दल इलाके में गश्त लगाएगा.
आज दिनांक 26/05/2026 को पुलिस केन्द्र पाकुड़ के शहीद बलिहार मैदान में ईद-उल-जुहा (बकरीद)-2026 के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय पाकुड़ के द्वारा विधि व्यवस्था संधारण हेतु गठित QRT के पुलिस पदाधिकारी/कर्मी एवं गृहरक्षक जवानों को बीरीफिंग किया गया तथा 1/2
— Pakur Police (@pakurpolice) May 26, 2026
अधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक
एसपी ने आगे कहा कि सभी थानों में शांति समिति की बैठक अधिकारियों के साथ हुई है. साथ ही जिलास्तर पर भी बैठक का आयोजन किया गया है. फ्लैग मार्च में मुख्यालय डीएसपी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी समेत जिला पुलिस जैप के जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें- रामनवमी से उपायुक्त और एसपी ने निकाला बाइक फ्लैग मार्च, लोगों से की ये अपील
हजारीबाग में पुलिस बल के साथ जिला प्रशासन का फ्लैग मार्च, जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण
हजारीबाग में मंगला जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी के नेतृत्व में जवानों ने निकाला फ्लैग मार्च

