सिरसा के खेत में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
सिरसा के मत्तुवाला गांव में पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है. पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Published : January 8, 2026 at 2:02 PM IST
|Updated : January 8, 2026 at 2:25 PM IST
सिरसा: सिरसा के रानियां क्षेत्र में गुरुवार यानी कि आज सुबह एक पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया. गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. कुछ देर बाद एएसपी फैसल खान भी घटनास्थल पर पहुंचे और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.
खेत में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा: पुलिस की मानें तो सिरसा जिले के मत्तुवाला गांव के खेत में आज सुबह पाकिस्तानी गुब्बारा पाया गया. यह गुब्बारा पूर्व सरपंच मदन लाल के खेत में सुबह लगभग 9 बजे देखा गया. मदन लाल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद एएसपी फैसल खान और जीवन नगर चौकी इंचार्ज घटनास्थल पर पहुंचे. गुब्बारा मिलने की सूचना पर ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए. हालांकि प्रशासनिक टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया.
केसरिया और सफेद रंद का है गुब्बारा: सिरसा में मिले गुब्बारे का रंग केसरिया और सफेद है. यह जहाज के आकार में बनाया गया है. एक तरफ 'PAK' लिखा हुआ है, जबकि दूसरी तरफ 'पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस' लिखा हुआ है.
सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता: मामले में एएसपी फैसल खान ने बताया कि, "ऐसी घटनाएं पहले भी हुई हैं. गुब्बारे को कब्जे में ले लिया गया है. इसे जांच के लिए भेजा जाएगा. यह क्षेत्र पाकिस्तान, पंजाब और राजस्थान की सीमाओं के करीब है. सीमावर्ती होने के कारण ऐसे मामले पहले भी सामने आए हैं. प्रशासन हमेशा अलर्ट रहता है.कुछ समय पहले पाकिस्तान की ओर से ड्रोन गतिविधियों में वृद्धि देखी गई थी, लेकिन अब उनमें कमी आई है."
एएसपी की जनता से अपील: एएसपी फैसल खान ने जनता से अपील की कि इस तरह की घटनाओं से घबराए नहीं. प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी समय-समय पर पाकिस्तान लिखे गुब्बारे मिल चुके हैं.प्रशासन ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और गुब्बारे की बारीकी से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को नूंह कोर्ट ने किया सजा का ऐलान, 10 साल कठोर कारावास और जुर्माना लगाया

