पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिली निशुल्क बिजली, कोरबा के गुडरुमुड़ा गांव में सोच हुई सार्थक
कोरबा के गुडरुमुड़ा गांव में निवासरत पहाड़ी कोरवा परिवारों के पीएम आवास में निशुल्क बिजली दी जा रही है.आईए जानते हैं ये हुआ कैसे ?

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 8, 2026 at 7:11 PM IST
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार और छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने अत्यंत पिछड़ी जनजाति परिवारों को आवास की सुविधा देने के साथ उनके घरों में रूफटॉप सोलर पॉवर प्लांट लगाने के लिए देश में पहली बार एक नई पहल की है. इस पहल के तहत कोरबा जिले के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम गुडरूमुड़ा में 8 पहाड़ी कोरवा परिवारों को सौर ऊर्जा की सौगात मिली है. यह एक ऐसी पहल है जिससे न सिर्फ प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को सार्थक किया गया है बल्कि विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को घरेलू बिजली निःशुल्क मिलने देने का एक स्थायी रास्ता भी बनाया गया है.
सीएम विष्णुदेव साय की सोच का असर
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्टीब्यूशन कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की व्यापक सोच में हमें योजनाओं का मार्ग प्रशस्त किया. परिणाम सामने है कि जहां चाह हो, वहां राह होती है. पहाड़ी कोरवा परिवारों को इस योजना से बहुत लाभ मिलेगा. साथ ही उनके जैसे जीवन स्तर वाले अन्य परिवारों को लाभान्वित करने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है.छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्टीब्यूशन कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर भीम सिंह ने कहा कि हमारे अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव रास्ता निकालना चाहते थे कि आखिर बहुत जरूरतमंद परिवारों को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ कैसे दिलाएं.

प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना, डीएमएफ में समन्वय से वह रास्ता मिल गया. अत्यंत पिछड़ी जनजातियों के घर ग्रिड आधारित सोलर पॉवर से जोड़ कर हमने देश में एक अलग मिसाल कायम कर दी है. फिलहाल तो यह एक पायलट प्रोजेक्ट है, लेकिन इसकी सफलता हमारे राज्य को नहीं बल्कि पूरे देश को नया रास्ता दिखाएगी- भीम सिंह, MD,CSPDCL

राज्य सरकार सोलर पैनल लगाने पर दे रही सब्सिडी
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किये हैं. केन्द्र की तर्ज पर राज्य सरकार भी रूफटॉप सोलर पॉवर प्लांट लगाने के लिए सब्सिडी दे रही है. प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत अत्यंत पिछड़ी जनजाति के परिवारों को ग्रिड के माध्यम से बिजली प्रदाय का लक्ष्य भी रखा गया है जिससे उन्हें निरंतर बिजली प्रदाय का लाभ मिल सके.

पीएम आवास योजना में मुफ्त बिजली देने का नहीं है प्रावधान
प्रधानमंत्री आवास योजना में घर बना कर देने का प्रावधान है, लेकिन सभी तरह के परिवारों को निःशुल्क बिजली कनेक्शन देने का प्रावधान नहीं है. इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पेनल तथा सह उपकरण भी निःशुल्क लगाने का कोई प्रावधान किसी योजना में नहीं है. छत्तीसगढ़ में कुछ योजनाओं के अभिसरण (कन्वरजेन्स) से यह नवाचार किया गया है, जिसके तहत आवास के साथ ग्रिड के माध्यम से बिजली और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ देना सुनिश्चित हुआ है.


दंतेवाड़ा में सीएससी सेंटर्स की आई़डी लॉक, मानको का उल्लंघन करने पर कार्रवाई
बम से उड़ाने की धमकी के बाद कोर्ट परिसर में अलर्ट,छत्तीसगढ़ के अदालतों में सर्च अभियान
भिलाई की सियासी गर्मी को विधायक देवेंद्र यादव ने बढ़ाया, 25 जनवरी को बड़े मार्च का ऐलान

