बूंदी में धान की चोरी: 12 लाख की फसल पर हाथ साफ, 8 ट्रॉली माल गायब, किसान बोला- प्रोग्राम से लौटा तो उजड़ चुका था सपना
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में धान की चोरी एक पूर्वनियोजित षड्यंत्र है.

Published : February 21, 2026 at 8:15 PM IST
बूंदी: जिले में खेत से 12 लाख रुपए कीमत की धान की फसल चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गुढ़ा नाथावतान गांव स्थित खेत से अज्ञात चोर 8 ट्रॉली धान उड़ा ले गए. पीड़ित किसान भगवान नागर का आरोप है कि वह पारिवारिक कार्यक्रम में गया हुआ था. इसी दौरान वारदात को अंजाम दे दिया गया. मामले में सदर थाना बूंदी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़ित किसान भगवान नागर ने बताया कि उसकी करीब 50 बीघा में धान की फसल तैयार हुई थी. कटाई के बाद फसल को साफ कर गोदाम के बाहर सुरक्षित रख दिया गया था, ताकि मंडी में अच्छे भाव मिलते ही बिक्री की जा सके. किसान को उम्मीद थी कि इस बार कीमत बेहतर मिलेगी और सालभर की मेहनत का फल हाथ आएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. किसान जैसे ही कार्यक्रम से गोदाम पहुंचा, वहां धान का एक दाना तक नहीं मिला. उसका धान चोरी हो चुका था. खाली जगह देख उसके होश उड़ गए. प्राथमिक आकलन के अनुसार चोरी गई फसल की कीमत मंडी भाव से करीब 12 लाख रुपए आंकी गई है.
पढ़ें: फतेहपुर में शातिराना चोरी: कार सवार ने पेट्रोल पंप से उड़ाई नकदी, फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी
नागर ने कहा कि पूरे साल खेत में पसीना बहाया था. अच्छे भाव की आस में माल रोके रखा था. सोचा था इस बार कुछ राहत मिलेगी, लेकिन सब कुछ एक झटके में खत्म हो गया. किसान का कहना है कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा. गांव में चर्चा है कि इतनी बड़ी मात्रा में धान की चोरी बिना योजना के संभव नहीं है. 8 ट्रॉली माल ले जाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली या बड़े वाहन की जरूरत होती है. ग्रामीणों का मानना है कि चोरों ने पहले से रैकी की होगी और किसान की गैरमौजूदगी का फायदा उठाया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला: सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर धान चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास के संभावित मार्गों व संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है. एएसआई चौधरी ने कहा कि मामला गंभीर है. आठ ट्रॉली धान की चोरी छोटी घटना नहीं है. टीम बनाकर जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.

