ETV Bharat / state

पलामू में धान खरीद का हाल बेहाल! कई जगह क्रय केंद्र बंद, खरीदारी में तकनीकी खामियां, किसान परेशान

पलामू में धान खरीद का हाल बेहाल है. कई जगह क्रय केंद्र बंद हैं और खरीद नहीं होने से किसान परेशान हैं.

Paddy Purchase centers in Palamu
पलामू में धान क्रय केंद्र (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : December 30, 2025 at 8:13 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामू: झारखंड राज्य सरकार ने 15 दिसंबर से पूरे राज्य में किसानों से धान खरीदारी की शुरुआत की है. पलामू जिले में 63 धान क्रय केंद्र खोले गए हैं, जहां किसानों से धान की खरीदारी होनी है. राज्य सरकार ने पलामू से तीन लाख टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है. शनिवार तक जिले में लक्ष्य का लगभग 76 प्रतिशत धान की खरीदारी हो चुकी थी, लेकिन कई केंद्रों पर तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं के कारण खरीदारी ठप हो गई है.

कई क्रय केंद्रों पर खरीदारी ठप

क्रय केंद्रों के उद्घाटन के बाद कई जगहों पर खरीदारी नहीं हो पा रही है. हुसैनाबाद क्षेत्र में किसान सबसे अधिक परेशान हैं. हुसैनाबाद व्यापार मंडल क्रय केंद्र पर उद्घाटन के बाद मात्र तीन किसानों से ही खरीदारी हुई. इसके बाद केंद्र को आईडी और पासवर्ड नहीं मिला, जिस कारण खरीदारी रुक गई. व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृष्ण बैठा ने कहा कि आईडी-पासवर्ड नहीं मिलने से किसानों से धान नहीं लिया जा रहा. इसी तरह पांकी क्षेत्र में एक क्रय केंद्र में स्टॉक भर जाने से खरीदारी नहीं हो सकी. कई केंद्रों ने अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी पूरी कर ली है और गोदाम खाली होने का इंतजार कर रहे हैं.

पलामू में धान खरीद का हाल बेहाल (ETV Bharat)

किसानों की शिकायत, साहूकारों को बेचना पड़ सकता है धान

हुसैनाबाद पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि आईडी-पासवर्ड नहीं मिलने से खरीदारी नहीं हो पा रही. किसान मजबूर होकर अपने धान बनिया या साहूकारों को बेचने को विवश हो जाएंगे. इस बार धान की अच्छी पैदावार हुई थी और किसानों को उम्मीद थी कि उन्हें अच्छा लाभ मिलेगा. किसान मंजूर आलम ने कहा कि इस बार धान की अच्छी पैदावार हुई, लेकिन मजबूरी में कम दाम पर बेचना पड़ सकता है.

'हुसैनाबाद व्यापार मंडल ने एक दिन धान खरीदा है, उसके बाद वह खरीद नहीं पा रहा है. पैक्स अध्यक्ष के द्वारा बताया गया की आईडी पासवर्ड नहीं मिला है, जिस कारण वह खरीद नहीं पा रहा है. किसान मजबूर है वह बनिया साहूकार को धान बेचने को मजबूर हो जाएंगे. इस बार धान की अच्छी पैदावार थी किसानों को उम्मीद थी कि अच्छा लाभ होगा.' - मंजूर आलम, किसान

'धान बेच रहे हैं परेशानी तो नहीं है लेकिन भुगतान नहीं हुआ है.' - रईस खान, किसान, पांकी

भुगतान में देरी की समस्या

पलामू में कई दशकों बाद धान की अच्छी पैदावार हुई है. जिले में 51,000 हेक्टेयर में धान रोपनी का लक्ष्य रखा गया था और पहली बार लक्ष्य से अधिक रोपनी हुई. जिन किसानों ने धान बेच दिया है, उन्हें भुगतान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. डाटा फीडिंग की समस्या के कारण कई किसानों को भुगतान नहीं हो पाया. किसान श्यामदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने धान बेच दिया है, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ. पांकी के किसान रईस खान ने कहा कि धान बेचने में परेशानी तो नहीं है, लेकिन भुगतान नहीं हुआ है.

विधायक ने लगाया सरकार पर आरोप

पलामू में धान क्रय केंद्रों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विधायकों ने किया. डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि जिस उत्साह से किसानों ने धान की खेती की थी, उसके अनुरूप राज्य सरकार ने खरीदारी की व्यवस्था नहीं की. सही समय पर क्रय केंद्र खोले जाते तो किसानों को लाभ होता. वर्तमान हालात खराब हैं और वे खुद किसान होने के नाते इस मामले को समझ रहे हैं.

ये भी पढ़ें:

देवघर में धान खरीदी शुरू, पैक्स केंद्र मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव

गढ़वा में पैक्स द्वारा खरीदे गए धान का नहीं हो रहा उठाव, टारगेट पाने में आ रही है समस्या