कोंडागांव में धान का फर्जी तरीके से परिवहन, फूड इंस्पेक्टर ने लिया एक्शन
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी खत्म हो चुकी है. इसके बाद भी धान के अवैध परिहवन का खुलासा हो रहा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 24, 2026 at 4:14 PM IST
कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले कोंडागांव में धान खरीदी गड़बड़ी केस के बाद नया कांड सामने आया है. यहां धान के अवैध परिवहन का खुलासा हुआ है. इस खुलासे के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों से मिली सूचना के अनुसार मुलमुला धान खरीदी केंद्र से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर धान का अवैध परिवहन हो रहा था.
धान के अवैध परिवहन का खुलासा
यहां पिकअप वाहन से ट्रक में धान की बोरियां लोड की जा रही थी. इस खुलासे के बाद लोगों ने एसडीएम माकड़ी को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही एसडीएम अजय उरांव ने फूड इंस्पेक्टर माकड़ी भुवनेश्वर सोरी को जांच के लिए माकड़ी रोड पर रवाना किया.फूड इंस्पेक्टर भुवनेश्वर सोरी ने माकड़ी के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर कड़ी पूछताछ की. ट्रक चालक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसका डीओ मुलमुला धान खरीदी केंद्र से 400 बोरी का कटा था, जिसमें से 200 से 300 बोरी धान उसने केंद्र से लोड की और शेष 150 से 200 बोरी बांगा प्लाट गांव में पिकअप वाहन के माध्यम से ट्रक में डाली गई.यह धान केशकाल स्थित महक एग्रो मिल में ले जाई जा रही थी.
ट्रक की जांच पड़ताल कर प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्ट्रेट कोंडागांव भेजा जाएगा. फिलहाल धान से लदी ट्रक को माकड़ी पुलिस थाने में सुरक्षित रखवा दिया गया है- भुवनेश्वर सोरी, फूड इंस्पेक्टर, माकड़ी
धान खरीदी में गड़बड़ी का यह मुद्दा अब तूल पकड़ चुका है. प्रशासन ने शुरुआती तौर पर शिकंजा कस दिया है. अब देखना होगा कि इस केस में क्या कार्रवाई होती है.

