छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू, तुंहर टोकन मोबाइल एप का सर्वर डाउन, किसान परेशान
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत होने के साथ ही कई जगहों पर गड़बड़ी सामने आ रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : November 15, 2025 at 4:51 PM IST
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ में धान तिहार की शुरुआत जोर शोर से हुई है. 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरू होने के साथ ही कई तरह की परेशानियों की खबरें सामने आ रही है. राजनांदगांव में धान खरीदी में अव्यवस्था होने से किसान परेशान हैं. जिले में कुल 96 धान खरीदी केंद्रों पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत खरीदी का काम चल रहा है. कई जगहों पर हालात खराब होने की वजह से किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है.
समिति प्रबंधकों की हड़ताल और एप का सर्वर डाउन: प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों के समिति प्रबंधक की हड़ताल से किसानों को परेशानी हो रही है. दूसरी तरफ तुंहर टोकन मोबाइल एप का सर्वर डाउन होने से किसान केंद्रों तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं,नतीजतन,पहले दिन खरीदी केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है.
ढाबा धान खरीदी केंद्र का बुरा हाल: ढाबा धान खरीदी केंद्र पर हालात और भी खराब हैं. बहुत ही कम किसानों को ही टोकन जारी हो सका और वे ही धान बेचने केंद्र पहुंचें. इसके अलावा जिले के अधिकांश धान खरीदी केन्द्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

सहकारी समिति कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से किसान टोकन और धान बेचने को लेकर असमंजस में हैं. वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है और खरीदी प्रारंभ किया गया है- द्वारिका प्रसाद तिवारी, किसान
इसके साथ ही तुंहर टोकन एप के माध्यम से किसानों को धान बेचने के लिए टोकन ऑनलाइन जारी किया जा रहा है. यह एप सर्वर डाउन होने से प्रभावित है. जिससे किसानों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है.
राजनांदगांव में 96 धान खरीदी केंद्रों में केवल दो चार किसान ही पहले दिन धान बेचने के लिए आए हैं. कई धान खरीदी केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है. जिससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है.

