नए साल पर श्री नैना देवी मंदिर में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की आस, पुलिस कमांड कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग
माता श्री नैना देवी के आशीर्वाद से नए साल का आगाज करने के लिए मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 6:06 PM IST
|Updated : December 31, 2025 at 6:30 PM IST
बिलासपुर: न्यू ईयर मनाने के लिए लोग विभिन्न पर्यटन स्थलों पर तो रुख कर ही रहे हैं. साथ ही साथ देवी-देवताओं के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. बुधवार (31 दिसंबर) को हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में दो दिवसीय नव वर्ष मेला धूमधाम के साथ शुरू हो गया. नए साल पर माता नैना देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है. नए साल पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
शक्तिपीठ श्री नैना देवी में श्रद्धालुओं का तांता
नव वर्ष मेले को लेकर इन दो दिनों में धार्मिक पर्यटन का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा. मंदिर न्यास ने संभावना जताई है कि दो दिनों में लगभग 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालु माता नैना देवी की पूजा-अर्चना करके नए साल का आगाज करेंगे. इसके लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्देशों से जिला प्रशासन, मंदिर न्यास ने प्रबंध पूर्ण कर लिए हैं जगह-जगह पुलिस बल तैनात की गई है और श्रद्धालुओं को लाइनों में ही माताजी के दर्शनों के लिए भेजा जा रहा है.
इन राज्यों से भी भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
नव वर्ष मेला के दौरान पंजाब हिमाचल हरियाणा दिल्ली और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु नव वर्ष पूजन के लिए माता के दरबार में पहुंचना शुरू हो गए हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया है. इसके अलावा मंदिर के सदा व्रत, लंगर में श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई है. जबकि, पंजाब की समाज सेवी संस्थाओं के द्वारा भी यहां पर नए साल के उपलक्ष्य पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया है.

श्री नैना देवी मंदिर में 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
मंदिर के पुजारी प्रवेश शर्मा ने बताया कि, "नव वर्ष के उपलक्ष्य पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है. मंदिर न्यास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कृतसंकल्प है और उनके खानपान की ठहरने की पूर्ण व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं से अपील है कि वह सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों के अनुसार चलें और उनका पालन करें. मंदिर के आसपास आतिशबाजी और पटाखे न चलाएं. इस बार भी नव वर्ष मेला 31 दिसंबर और पहली जनवरी को करीब 2 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. जिसके लिए सभी विभागों ने सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली है."
पुलिस कमांड कंट्रोल रूम से जिलेभर में रखी जा रही नजर
न्यू ईयर सेलिब्रेशन को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है. जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्लान लागू करते हुए सभी थानों और चौकियों के एसएचओ को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि के दौरान गश्त बढ़ाने और पार्टी स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं.

अहमदाबाद से माता का आशीर्वाद लेने पहुंचे श्रद्धालु
वहीं, अहमदाबाद से आए श्रद्धालु ने कहा कि, "श्री नैना देवी हमारी कुलदेवी भी हैं. ऐसे में अगर नए साल के खास मौके पर अगर माता का आशीर्वाद मिल तो इससे अच्छी बात क्या हो सकती है. इसलिए नए के आगाज पर माता का आशीर्वाद लेने के लिए वे परिवार के साथ बिलासपुर आए हैं."

हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि, "जिले में विशेष पुलिस दल तैनात किए गए हैं, जो देर रात तक निगरानी रखेंगे, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था, नशाखोरी, हंगामा या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके. सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बिलासपुर पुलिस की टीमें पुलिस सर्विलांस एंड कमांड कंट्रोल रूम से जिलेभर के प्रमुख स्थानों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, जहां से रियल-टाइम मॉनिटरिंग और फील्ड यूनिट्स के साथ समन्वय किया जा रहा है."
शांति और जिम्मेदारी के साथ सेलिब्रेट करें न्यू ईयर
एसपी संदीप धवल ने कहा कि, कुल्लू–मनाली की तर्ज पर बिलासपुर होकर गुजरने वाले फोरलेन मार्ग पर भी भारी संख्या में वाहन मूवमेंट दर्ज किया गया है. धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं. शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी और शाहतलाई में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जहां न्यू ईयर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा निगरानी के लिए पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
ये भी पढ़ें: 1 जनवरी से हिमाचल में बदल जाएंगे ये नियम, राशन डिपो, पेंशन से लेकर स्कूलों में बदलेंगे ये रूल
ये भी पढ़ें: यहां देखें 2026 का सरकारी कैलेंडर, कब आएगा कौन सा त्यौहार, रविवार को आएंगे ये फेस्टिवल

