गाजियाबाद: 7 महीने में 11 लाख से ज्यादा चालान, फिर भी नहीं थम रहे सड़क हादसे, 508 हुए घायल, 254 ने गंवाई जान
ट्रैफिक पुलिस का प्रयास है कि लोगों को जागरुक कर यातायात नियमों का पालन करने से सड़क हादसों में काफी कमी लाई जा सकती है.

Published : August 30, 2026 at 4:27 PM IST
नई दिल्ली/गाजियाबाद: गाजियाबाद में ही यातायात नियमों का पालन करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार सख्ती की जा रही है. जहां एक तरफ ट्रैफिक पुलिस कर्मियों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के मैनुअल चालान काटे जा रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर कैमरों के माध्यम से भी चालान हो रहे है. हर महीने ट्रैफिक पुलिस द्वारा डेढ़ लाख से अधिक चालान काटे जा रहे हैं.
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हो रही ताबड़तोड़ कार्यवाही के बावजूद सड़क हादसों लगाम नहीं लग पा रही है. हर दिन पांच हज़ार से अधिक चालान काटे जाने के बावजूद भी ना तो सड़क हादसे रुक रहे हैं और ना ही सड़क हादसों में होने वाली मृत्यु का आंकड़ा काम हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, साल 2026 में 31 जुलाई तक गाजियाबाद में कुल 665 सड़क दुर्घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें कुल 508 लोग घायल हुए जबकि इन सड़क हादसों में 254 लोगों की मृत्यु हुई है. यातायात पुलिस अब सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए रणनीति तैयार कर रही है.
गाजियाबाद में 7 महीने में 11 लाख से ज्यादा चालान: गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा 73 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं. इन सभी ब्लैक स्पॉट्स का सुधार किया जा रहा है ताकि यहां किसी प्रकार की कोई सड़क दुर्घटना ना हो सके. गाजियाबाद के सात थानों को क्रिटिकल थानों के रूप में चिन्हित किया गया है. इन सभी थानों में विशेष टीम में गठित की गई हैं, जो क्षेत्र में हुई दुर्घटनाओं का आकलन कर हादसा होने के पीछे मुख्य कारण का पता लगाएंगे.
जागरुकता से सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती: ट्रैफिक पुलिस ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, पब्लिक वर्क्स डिपार्मेंट, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर दुर्घटना संभावित स्थानों को ठीक करवाने की कवायत शुरू की है. ट्रैफिक पुलिस का प्रयास है कि लोगों को जागरुक कर यातायात नियमों का पालन करने से सड़क हादसों में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है. वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन होने पर चालान की कार्रवाई करने से भी काफी हद तक लोग नियमों का उल्लंघन करने के प्रति जागरूक होते हैं.
ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 31 जुलाई 2026 तक इस साल कुल 11 लाख 23 हजार 930 चालान किए गए हैं. सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु होने का सबसे बड़ा कारण है लोगों का हेलमेट न लगाकर वाहन चलाना और गलत दिशा में वाहन चलाना है.
बीते सात महीने में गाजियाबाद पुलिस द्वारा तकरीबन 77 हजार चालान नो हेलमेट के किए गए हैं. जबकि 73 हज़ार चालान रॉन्ग साइड में वाहन चलाने पर किए गए हैं. इस अवधि में तीस हजार चालान स्पीड लिमिट का उल्लंघन करने पर 72000 चालान वाहन द्वारा वायु प्रदूषण पॉल्यूशन फैलने पर किए गए हैं. इसके अतिरिक्त रेड लाइट जंप, सीट बेल्ट ना लगाना, निश्चित संख्या से अधिक सवारी बैठक वाहन चलाना आदि मदों में चालान हुए हैं.
ये भी पढ़ें-

