ETV Bharat / state

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 129 से अधिक मामले, एसएमएस अस्पताल अलर्ट मोड पर, डेडिकेटेट आईसीयू रिजर्व

एसएमएस अस्पताल ने स्वाइन फ्लू के गंभीर मरीजों के लिए डेडिकेटेड आईसीयू रिजर्व रखा है.

Ward prepared for patient isolation
मरीजों के आइसोलेशन के लिए तैयार वार्ड (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 26, 2026 at 4:32 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: स्वाइन फ्लू को लेकर देशभर में केंद्र सरकार की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है. बीते दिन सरकार में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए. उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती किया गया. उनके इलाज के लिए चिकित्सकों की एक टीम भी तैनात की गई है. केंद्र से जारी अलर्ट के बाद एसएमएस अस्पताल में डेडिकेटेड आईसीयू रिजर्व किया गया है.

स्वाइन फ्लू के 129 से अधिक मामले: चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त निदेशक अस्पताल प्रशासन डॉक्टर नरोत्तम शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार की और से स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. विभाग लगातार हालातों पर नजर बनाए हुए है. उन्होंने बताया कि राज्य में इस साल अब तक 129 से अधिक स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं. बीते दिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बारिश के दौरान मौसमी बीमारियों डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं स्क्रबटाईफस के साथ ही स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर बैठक ली. उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू से बचाव एवं रोकथाम को लेकर एक्शन प्लान तैयार किया जाए और हाई रिस्क क्षेत्र में टीम बनाकर नियमित रूप से निगरानी की जाए.

स्वाइन फ्लू को लेकर एसएमएस अस्पताल की ये है तैयारी... (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: Minister Meena : कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा स्वाइन फ्लू पॉजिटिव, SMS अस्पताल में भर्ती

एसएमएस अस्पताल भी अलर्ट मोड़ पर: राजधानी जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी का कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने स्वाइन फ्लू के गंभीर मरीजों के लिए डेडिकेटेड आईसीयू रिजर्व रखा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके. फिलहाल अस्पताल में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के अलावा एक अन्य मरीज भी भर्ती है. डॉक्टर माहेश्वरी का कहना है कि स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण से निपटने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है. गंभीर मरीजों को तत्काल आईसीयू सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डेडिकेटेड बेड रिजर्व किए गए हैं. साथ ही चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

Testing center set up
जांच के लिए बनाया गया सेंटर (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर, बढ़े पॉजिटिव मरीज, अब तक 12 मौतें - Swine Flu Cases In Rajasthan

'लक्षण दिखें तो जांच करवाएं': डॉ नरोत्तम शर्मा का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग लोगों से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है. सर्दी-जुकाम, तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है. स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति के संपर्क, खांसने और छींकने से निकलने वाली बूंदों के जरिए फैल सकता है. ऐसे में भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी, हाथों की नियमित सफाई और संक्रमण के लक्षण होने पर दूसरों से दूरी बनाए रखना महत्वपूर्ण है.