ETV Bharat / state

कोरिया में महिला की संदिग्ध मौत पर आक्रोश, परिजनों ने लगाए अमानवीय कृत्य के बाद हत्या के आरोप

कोरिया में महिला की संदिग्ध मौत को लेकर माहौल गर्माया हुआ है.परिजनों ने अमानवीय कृत्य के बाद हत्या का आरोप लगाया है.

OUTRAGE OVER WOMANS DEATH
कोरिया में महिला की संदिग्ध मौत पर आक्रोश (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 3, 2026 at 11:44 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोरिया : कोरिया में महिला की संदिग्ध मौत के बाद मामला गर्मा गया है. एक शख्स ने एसपी कोरिया को लिखित शिकायत देकर पत्नी की मौत को सुनियोजित हत्या बताया है. घटना के सामने आने के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है.


क्या है मामला ?

परिजनों के अनुसार महिला पिछले 7–8 माह से लापता थी. परिवार का आरोप है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में संपर्क किया गया था, लेकिन उस समय रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई. हाल ही में व्हाट्सएप के माध्यम से महिला की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद परिजन स्तब्ध रह गए. सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया बताया जा रहा है कि मृतका खरवत स्थित एक ढाबे में काम कर रही थी. किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है.

कोरिया में महिला की संदिग्ध मौत पर आक्रोश (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोप

परिजनों का दावा है कि पोस्टमार्टम के दौरान महिला के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए. साथ ही परिवार ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है.हालांकि आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गुस्सा का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं, तो यह अत्यंत घिनौना और अमानवीय कृत्य है, जिसकी निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए.इस मामले में बैकुंठपुर जनपद पंचायत के अध्यक्ष उदय सिंह ने भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

जब महिला की गुमशुदगी की शिकायत लेकर परिजन थाने पहुंचे थे, तब यदि तत्काल कार्रवाई की जाती तो शायद स्थिति अलग होती. इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग हमने की है- उदय सिंह, अध्यक्ष जनपद पंचायत


पुलिस का दुष्कर्म से इनकार

फिलहाल इस संवेदनशील मामले में पुलिस की जांच जारी है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से विस्तृत बयान का इंतजार किया जा रहा है. एसडीओपी राजेश साहू ने बताया कि 01.03.2026 को आकांक्षा टोप्पो ने चरचा के मर्ग 05/2026 में दर्ज मृतिका के संबंध में भ्रामक एवं तथ्यहीन बयान दिए गए. 26 फरवरी को जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर से मिले मेमो पर पहले थाना बैकुंठपुर में मर्ग दर्ज हुआ, बाद में प्रकरण थाना चरचा को स्थानांतरित कर धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई.

जांच एवं परिजनों के बयानों में मृतिका के अत्यधिक शराब सेवन की बात सामने आई. हत्या और बोतल डालने का आरोप निराधार पाया गया. पोस्टमार्टम में केवल अल्कोहल की पुष्टि हुई. 180 एमएल शराब की शीशी बरामद हुई,विवेचना जारी है- राजेश साहू, एसडीओपी

दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग

क्षेत्रवासियों का कहना है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहा है। अब देखना होगा कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और सच्चाई कब तक सामने आती है.

रायपुर में डिजिटल पहरे के बीच मनेगी होली, हाईटेक तरीके से हुड़दंगियों पर पुलिस रखेगी नजर

39 गुंडा बदमाशों को धमतरी पुलिस ने भेजा जेल, होली को लेकर अलर्ट

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, डैम घुमाने के बहाने ले जाकर किया कृत्य, वीडियो भी बनाया