हजारीबाग में पत्रकारों के साथ वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन, ग्रामीण क्षेत्रों को विकसित करने पर अधिक जोर
हजारीबाग में पत्रकारों के साथ 'वार्तालाप' कार्यक्रम के दौरान वीबी जी राम जी, चार नए श्रम संहिता और 'वंदे मातरम' पर वार्ता की गई.

Published : January 9, 2026 at 8:04 PM IST
हजारीबाग: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत पत्र सूचना कार्यालय ने हजारीबाग के पत्रकारों के साथ 'वार्तालाप' कार्यक्रम का आयोजन किया. विकसित भारत रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण गारंटी (VB G RAM G) 2025 चार नए श्रम संहिता, 2025 और राष्ट्र गीत 'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे होने पर उसके महत्व पर हजारीबाग के पत्रकारों के साथ वार्ता की. इसके साथ ही नये श्रम संहिता, वीबी-जी राम जी का समाज में क्या असर पड़ेगा? उस पर चर्चा की गई.
नीति में परिवर्तन बेहद जरूरी: प्रो. चंद्रभूषण शर्मा
मुख्य अतिथि के रूप में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्रभूषण शर्मा ने बताया कि नीति में परिवर्तन होना बेहद जरूरी होता है. वीबी-जी राम जी में परिवर्तन लाए गए हैं यह बताता है कि ग्रामीण क्षेत्रों को विकसित करने की योजना है. 100 दिन की जगह 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी दी जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों को फोकस किया जा रहा है.
पत्र सूचना के कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो, पूर्वी भारत के महानिदेशक टीवी के रेड्डी कोलकाता से कार्यक्रम में भाग लिया. इन्होंने बताया कि पीआईबी सरकार की योजना को जनता तक पहुंचाने के लिए काम करता है. पत्रकार ऐसे स्तंभ होते हैं, जो सूचना का आदान प्रदान करते हैं. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को जानकारी देना ताकि वह आम जनता को नये नीति को बता सके. इस कार्यक्रम में तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई है.
ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण
विशिष्ट अतिथि टीवी.के. रेड्डी ने ग्रामीण पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि 'किसी भी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सकारात्मक, तथ्यपरक और जिम्मेदार नैरेटिव आवश्यक है.' उन्होंने VB G RAM G को ग्रामीण भारत में रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया.
ग्रामीण क्षेत्रों का संपूर्ण विकास है अनिवार्य
मुख्य अतिथि प्रो. सी.बी. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समय के अनुरूप नीतिगत बदलाव आवश्यक हैं. उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास अनिवार्य है. VB G RAM G को प्रधानमंत्री के विकास मॉडल का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए उन्होंने बताया कि इस मिशन के माध्यम से श्रम आधारित व्यवस्था से तकनीक-आधारित व्यवस्था की ओर परिवर्तन हो रहा है, जिससे भविष्य में पलायन कम होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बनेगी.
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मिला है बढ़ावा
इधर, विशेष वक्ता डॉ. मृत्युंजय मयंक ने VB G RAM G के अंतर्गत आने वाली कानूनी प्रक्रियाओं तथा चार नए श्रम संहिताओं के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया. उन्होंने बताया कि नए श्रम कानूनों के तहत असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य लाभ प्रदान किए गए हैं, जिससे श्रमिक कल्याण के साथ-साथ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी बढ़ावा मिला है.
राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है 'वंदे मातरम्'
वहीं रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभू नाथ तिवारी ने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसके ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने का माध्यम बना और आज भी यह राष्ट्रीय एकता, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है.
ग्रामीण विकास के बिना विकसित भारत की परिकल्पना अधूरी
दूरदर्शन समाचार, रांची के प्रमुख दिवाकर कुमार ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में VB G RAM G की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि देश की लगभग 70% आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है, इसलिए ग्रामीण विकास के बिना विकसित भारत की परिकल्पना अधूरी है. उन्होंने सतत विकास, जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला.
सीमा सुरक्षा बल की भूमिका और सामाजिक सहभागिता पर वार्ता
वहीं बीएसएफ मेरु कैंप, हजारीबाग के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह मलिक ने अपने संबोधन में कैंप की गतिविधियों, सीमा सुरक्षा बल की भूमिका और सामाजिक सहभागिता से जुड़े अनुभव साझा किए. कार्यक्रम का संचालन राजेश सिन्हा और गौरव पुष्कर द्वारा किया गया. अंत में प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से पत्रकारों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा प्रतिभागी पत्रकारों को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर कार्यक्रम का समापन किया गया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. सीबी शर्मा रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, पूर्वी भारत के महानिदेशक टीवी. के रेड्डी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में राष्ट्रीय विधि अध्ययन एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (NUSRL), रांची के सहायक प्रोफेसर डॉ. मृत्युंजय मयंक, रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ तिवारी, दूरदर्शन समाचार, रांची के प्रमुख दिवाकर कुमार तथा बीएसएफ मेरु कैंप, हजारीबाग के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह मलिक ने सहभागिता की.
ये भी पढ़ें- रांची में नरेगा दिवस के दिन मजदूरों का होगा जुटान, वीबी जी राम जी कानून के खिलाफ उलगुलान, झारखंड नरेगा वॉच का आह्वान
जी राम जी योजना के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन पर बाबूलाल के बोल, पार्टी से पूछा ये सवाल!
VB-G RAM G योजना से भ्रष्टाचार की सारी संभावनाएं खत्म, इसलिए कांग्रेस परेशान: शिवराज सिंह चौहान

