सही नीति वाली पार्टी के साथ युवा, कांग्रेस का काम जातियों के नाम पर लड़ाना, जगदीश देवड़ा का तंज
ओरछा में बैठक करने पहुंचे डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर तंज, जनता भाजपा के साथ. बृजेंद्र पटेरिया की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 12:11 PM IST
|Updated : August 30, 2026 at 1:42 PM IST
ओरछा: 14 साल बाद ओरछा में हो रही बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश बीजेपी के तमाम दिग्गज नेता जुटे हैं. ईटीवी भारत से बातचीत में जगदीश देवड़ा ने राहुल गांधी की प्रस्तावित इंदौर यात्रा को लेकर कहा कि, ''वे देश के किसी भी हिस्से में जाएं, जनता उनके और कांग्रेस के भविष्य का फैसला पहले ही कर चुकी है.'' बैठक में युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि, ''देश का युवा हमेशा सही रीति और नीति वाली पार्टी के साथ ही रहना चाहता है.''
बैठक में पहुंचने वाले नेताओं को पीएम मोदी पर लिखी गई किताब ''मोदी एट दा रेट 20 सपने हुए साकार' भी दी गई है. बैठक में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, "बैठक में युवा, किसान, महिला जैसे की मुद्दों पर चर्चा होगी. राजा राम के रूप में विराजे भगवान श्री राम का आर्शिवाद मिलेगा.'' वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, ''मैं सौभाग्यशाली हूं जो मीटिंग में आने का अवसर मिला. बैठक में महिला सशक्तिकरण, युवाओं, विकसित भारत 2047 सहित कई मुद्दों पर मशवरा होगा.''
पूरी बीजेपी पार्टी युवाओं के साथ है
वित्त मंत्री जगदीश देवडा ने कहा कि, ''दो दिन चलने वाली बैठक में केन्द्रीय नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा. प्रदेश में पार्टी की आगामी रणनीति क्या हो, इसको लेकर बैठक में तय किया जाएगा.'' युवाओं को लेकर उन्होंने कहा, ''पूरी बीजेपी पार्टी युवाओं के साथ है. युवा भी ऐसे दल के साथ रहना चाहते हैं जिसकी नीति और रीति सही हो.'' कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि, ''आरोप लगाने वाली कांग्रेस को अपनी गिरवां में झांकना चाहिए.''

दतिया हार पर बोले मंत्री, पार्टी में जीत और हार लगी रहती है
बैठक में शामिल होने पहुंचे मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने दतिया उपचुनाव में पार्टी की हार और गुटबाजी के सवाल पर कहा कि, ''यह सभी मुद्दे पार्टी के संज्ञान में हैं. बैठक में ऐसे सभी मुद्दों पर चर्चा होगी.'' पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि, ''देश और प्रदेश के मुद्दो को लेकर मंथन हमेशा चलते रहना चाहिए, भले ही स्थान बदलता रहे. इस तरह की बैठकों के माध्यम से एक चित्रण सामने आ जाता है इसलिए बैठकें जरूरी हैं.'' दतिया उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि, ''पार्टी में जीत और हार लगी रहती है, अब हम आगे की रणनीति पर काम करेंगे.''

- जेन जी वोटर्स और विकसित भारत, राजा राम की नगरी से तय होगा भाजपा का सियासी एजेंडा
- ओरछा में 2 दिन बीजेपी दिग्गजों का जमावड़ा, जेन जी पर पकड़ मजबूत करने की बनेगी स्ट्रेटेजी
- कंटेंट क्रिएटर बनेंगे मध्य प्रदेश में बीजेपी के कैटेलिस्ट, Gen Z से जुड़ने कॉफी विद मोहन यादव की तैयारी
भाजपा का फोकस पूरे समाज और देश पर
बीजेपी उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि, ''बीजेपी का फोकस कोई जाति या वर्ग नही है, पार्टी का फोकस पूरा समाज और देश हमेशा से रहा है और इसी को ध्यान में रखकर पार्टी काम करती है. पार्टी का एक ही एजेंडा है देश को श्रेष्ठ भारत बनाना. इसमें देश और प्रदेश का युवा, महिला, किसान, दलित सभी वर्ग आते हैं. प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सभी को ध्यान में रखकर चर्चा होगी. बीजेपी कभी जातियों के लिए काम नहीं करती. जातियों को ध्यान में रखकर काम करने वाले उन्हें लड़ाने वालों का काम कांग्रेस और उनके गठबंधन का काम है.''

