बिहार में नए साल का 'कोल्ड वेलकम', 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट.. जानें कब से बदलेगा मौसम
बिहार में 2026 की शुरुआत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से हुई है. बिहार के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और कोल्ड डे जारी.

Published : January 1, 2026 at 9:41 AM IST
पटना: बिहार में साल 2026 की शुरुआत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चादर ओढ़कर हुई है. 1 जनवरी को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और जनजीवन प्रभावित हुआ. उत्तर बिहार के कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है, जबकि दक्षिण बिहार में हल्की राहत की उम्मीद है.
उत्तर बिहार में ऑरेंज अलर्ट: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, गोपालगंज, सीवान, पश्चिम चंपारण सहित 19 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है. लोगों को कंपकंपाती सर्दी का सामना करना पड़ रहा है.
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) January 1, 2026
दक्षिण बिहार में आंशिक धूप से राहत: दूसरी ओर, पटना, गया, अरवल, बक्सर, जमुई सहित दक्षिण बिहार के जिलों में दिन के समय आंशिक धूप निकलने की संभावना है. इससे कोल्ड डे से हल्की राहत मिल सकती है और तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, घने कोहरे का असर यहां भी बना रहेगा, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी है.

7 जनवरी तक ठंड से राहत के आसार: आईएमडी के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ठंड और कोहरे में कमी आने की उम्मीद है. 7 जनवरी तक अधिकांश जिलों में दिन और रात के तापमान में 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है. उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रह सकता है, लेकिन पटना, गया, भागलपुर, मुंगेर जैसे जिलों में कोई कोल्ड डे या कुहासे की चेतावनी नहीं है.
#अधिकतम #तापमान और #परिवर्तन पिछले 24 घंटा #बिहार जिलों से। pic.twitter.com/BrFgGx5kwO
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) December 31, 2025
साल के आखिरी दिन दर्ज हुई सबसे सर्द रात: 31 दिसंबर 2025 की रात बिहार में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही. गया में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे कम तापमान था. पटना में 9.4 डिग्री, छपरा में 6.3 डिग्री और सबौर में 5.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. ठंड का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी जिलों में देखा गया.
मौसम #चेतावनी #बिहार #दिन-1 से दिन-7 तक pic.twitter.com/ykhH5KTeh5
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) December 31, 2025
टॉप 5 सबसे ठंडे जिलों की सूची: साल के अंतिम दिन सबसे कम तापमान वाले जिलों में गया पहले स्थान पर रहा, उसके बाद सबौर (5.6 डिग्री), राजगीर (5.8 डिग्री), छपरा (6.3 डिग्री) और औरंगाबाद (6.5 डिग्री) शामिल हैं. इन क्षेत्रों में सुबह और रात में कड़ाके की सर्दी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया.
#न्यूनतम #तापमान और #परिवर्तन पिछले 24 घंटा #बिहार जिलों से। pic.twitter.com/SHL5NWGNGW
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) December 31, 2025
31 दिसंबर को धूप से दिन में राहत: 31 दिसंबर को कई जिलों में आंशिक धूप निकली, जिससे दिन का तापमान बढ़ा. किशनगंज में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री रहा, जबकि मोतिहारी में सबसे कम 14.6 डिग्री दर्ज हुआ. धूप के कारण लोगों को दिन में कुछ राहत जरूर मिली.
ये भी पढ़ें-
बिहार के 38 जिलों में भयंकर ठंड, पटना में कांप रहे लोग, अगले 72 घंटे भारी
बिहार में ठंड का डबल अटैक, 5 दिनों तक कोहरे से नहीं मिलेगी राहत, कोल्ड डे की चेतावनी
बिहार में ठंड के कारण इन जिलों में स्कूल बंद, शिक्षकों को आना जरूरी

