अग्निवीर में भर्ती होने का मिलेगा मौका, बलौदा बाजार कलेक्टर चलाएंगे जागरुकता अभियान
अभियान के तहत इंडियन आर्मी ज्वाइन करने के लिए कॉलेज, आईटीआई और स्कूलों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 12, 2026 at 4:14 PM IST
बलौदा बाजार: युवाओं को सेना में करियर के लिए प्रेरित करने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में जिले से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ऑनलाइन बैठक के माध्यम से आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों, महाविद्यालयों, जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ चर्चा की. बैठक में भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा भी की गई. बैठक में कहा गया कि जिले के युवाओं को सेना में शामिल होने का अवसर देने के लिए, व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और उन्हें आवेदन की प्रक्रिया में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए.
21 दिन का लक्ष्य, हर संस्था की जिम्मेदारी तय
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अगले 21 दिनों के भीतर अधिक से अधिक युवाओं को आवेदन के लिए प्रेरित करने की कार्ययोजना तैयार करें. इसके लिए संस्थानवार लक्ष्य तय कर काम किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि आईटीआई, पॉलिटेक्निक और कॉलेजों में विशेष शिविर आयोजित कर अग्निवीर भर्ती की जानकारी दी जाए. जिन युवाओं को ऑनलाइन आवेदन भरने में परेशानी होती है, उनके लिए संस्थानों में ही कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वो वहीं से फॉर्म भर सकें. इसके साथ ही जनपद पंचायत और नगर पालिका स्तर पर भी युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए.
स्कूल स्तर पर भी जागरूकता अभियान
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्कूल स्तर पर भी छात्रों को सेना में करियर के लिए प्रेरित किया जाएगा. इसके लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और बीआरसी के माध्यम से स्कूलों में जानकारी दी जाएगी. उच्च कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अग्निवीर भर्ती की पात्रता, प्रक्रिया और लाभों के बारे में बताया जाएगा, ताकि वे भविष्य में सेना में जाने के लिए तैयारी कर सकें, कलेक्टर ने कहा कि युवाओं में देश सेवा की भावना को बढ़ावा देने के लिए यह जरूरी है कि उन्हें सही समय पर सही जानकारी मिले. यदि छात्रों को समय पर गाइडेंस मिल जाएगा तो वे बेहतर तरीके से तैयारी कर सकेंगे.
एनएसएस और एनसीसी कैडेट की भूमिका
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर अग्निवीर भर्ती एवं आवेदन की सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध है. सेना भर्ती के लिए ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया 1अप्रेल 2026 तक खुली रहेगी. बैठक में एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन कैडेट्स के माध्यम से भी अग्निवीर भर्ती की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाई जाए. एनसीसी कैडेट्स पहले से ही अनुशासन और सैन्य प्रशिक्षण से जुड़े होते हैं, इसलिए उन्हें सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना अपेक्षाकृत आसान होगा. प्रशासन का मानना है कि इन कैडेट्स के माध्यम से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं तक संदेश पहुंचाया जा सकता है.
जानिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि
अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है. इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित तिथि तक खुली रहेगी. इसलिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि समय रहते युवाओं को आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए ताकि कोई भी इच्छुक उम्मीदवार अवसर से वंचित न रह जाए.
कई पदों के लिए भर्ती के अवसर
अग्निवीर भर्ती के तहत कई अलग-अलग श्रेणियों में पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इनमें अग्निवीर पुरुष (जनरल), तकनीकी, लिपिक, स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन (दसवीं पास), ट्रेड्समैन (आठवीं पास) और अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) शामिल हैं. इसके अलावा स्थायी कैडर के अंतर्ग नर्सिंग असिस्टेंट वेट और सिपाही फार्मा जैसे पदों के लिए भी अधिसूचना जारी की गई है. इन पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और पात्रता निर्धारित की गई है, जिसकी पूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
जून में संभव है कॉमन एंट्रेंस परीक्षा
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के रूप में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम आयोजित किया जाएगा. संभावना है कि यह परीक्षा जून महीने के पहले और दूसरे सप्ताह के बीच आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवारों की योग्यता का आकलन किया जाएगा. सफल उम्मीदवार आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे.
युवाओं से अपील
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और समय रहते आवेदन करें. यदि जिले से बड़ी संख्या में युवा आवेदन करते हैं और चयनित होते हैं, तो इससे न सिर्फ उनका भविष्य उज्ज्वल होगा बल्कि जिले का नाम भी रोशन होगा.
मादा गौर शिकार केस में 2 और आरोपी अरेस्ट, बलौदा बाजार के अर्जुनी वन परिक्षेत्र में हुई थी वारदात
पीएम आवास योजना, जल संरक्षण और ग्रामीण स्वरोजगार पर सरकार का फोकस, कलेक्टर ने दिए ये निर्देश
कृषक उन्नति योजना 2026: बलौदा बाजार के किसानों के खाते में पहुंचे 578 करोड़

