बिहार से साउथ इंडिया घूमने का बड़ा मौका... 13 दिनों का पैकेज.. 5 बड़े मंदिर के साथ इन स्थानों की करें यात्रा
IRCTC की स्पेशल ट्रेन 14 जुलाई से शुरू हो रही है. 12 रात-13 दिन के पैकेज में दक्षिण भारत की यात्रा का सुनहरा मौका है.

Published : June 16, 2026 at 2:58 PM IST
पटना: मानसून और सावन के समय दक्षिण भारत के मंदिरों की यात्रा की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिरों और ज्योतिर्लिंगों के दर्शन अब एक ही यात्रा में किए जा सकेंगे. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम यानी आईआरसीटीसी 14 जुलाई 2026 से विशेष 'भारत गौरव पर्यटक ट्रेन' का संचालन करने जा रहा है, जिसके जरिए श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग समेत कई प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जाएंगे.
12 रात और 13 दिन का पैकेज: खास बात यह है कि यह ट्रेन बिहार के पटना समेत कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे राज्य के हजारों श्रद्धालुओं को सीधे इस धार्मिक यात्रा से जुड़ने का अवसर मिलेगा. 12 रात और 13 दिन के इस ऑल-इनक्लूसिव पैकेज में रेल यात्रा से लेकर ठहरने, भोजन और स्थानीय भ्रमण तक की व्यवस्था आईआरसीटीसी की ओर से की गई है.
झारखंड के दुमका से शुरू होगी यात्रा: आईआरसीटीसी के पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि यह यात्रा झारखंड के दुमका से शुरू होगी और रास्ते में बिहार के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा. धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए इस पैकेज में श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों और आध्यात्मिक केंद्रों तक ले जाया जाएगा.
"कम समय में कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले यात्रियों के लिए यह पैकेज आकर्षण का केंद्र बन सकता है. यात्रा के दौरान श्रद्धालु आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर और पद्मावती मंदिर के दर्शन कर सकेंगे. इसके अलावा तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित रामनाथस्वामी मंदिर, मदुरै का ऐतिहासिक मीनाक्षी अम्मन मंदिर इस टूर पैकेज का हिस्सा हैं."- राजेश कुमार,प्रबंधक,पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय,आईआरसीटीसी
कई स्थानों के भ्रमण कर सकेंगे पर्यटक: उन्होंने आगे कहा कि कन्याकुमारी मंदिर, विवेकानंद रॉक मेमोरियल और द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का भी अवसर मिलेगा. धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इन स्थलों को एक ही यात्रा में जोड़कर पैकेज को तैयार किया गया है.
कहां-कहां से गुजरेगी ट्रेन: बोर्डिंग की सुविधा दुमका के अलावा हंसडीहा, भागलपुर, सुलतानगंज, जमालपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना साहिब, पटना, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर उपलब्ध होगी. इससे बिहार और झारखंड के हजारों श्रद्धालुओं को अपने नजदीकी स्टेशन से यात्रा शुरू करने की सुविधा मिलेगी.

कितना होगा किराया?: आईआरसीटीसी को उम्मीद है कि इस धार्मिक पर्यटन पैकेज को लेकर यात्रियों में अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी. यात्रा के लिए तीन श्रेणियों में बुकिंग की व्यवस्था की गई है. इकोनॉमी श्रेणी का किराया 25400 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है, जिसमें स्लीपर क्लास से यात्रा, नॉन-एसी होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था शामिल है.
वहीं स्टैंडर्ड श्रेणी के लिए 45550 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है. इसमें थर्ड एसी में यात्रा, एसी होटल में आवास और शाकाहारी भोजन की सुविधा मिलेगी. कंफर्ट श्रेणी के यात्रियों को 55500 रुपये प्रति व्यक्ति के शुल्क पर सेकेंड एसी यात्रा, बेहतर आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
ऑल-इनक्लूसिव पैकेज: आईआरसीटीसी के पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि यह पूरी तरह ऑल-इनक्लूसिव पैकेज होगा. यात्रियों को अलग से होटल, वाहन या भोजन की व्यवस्था नहीं करनी होगी. पैकेज में यात्रा बीमा, ऑनबोर्ड सुरक्षा, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी शामिल रहेगा.
चिकित्सा सहायता की व्यवस्था: यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा के दौरान चिकित्सा सहायता की व्यवस्था भी की जाएगी. साथ ही ट्रेन में भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियों के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की भी योजना है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक माहौल का अनुभव मिल सके.
राजधानी के यात्रियों के लिए विशेष छूट: पटना के यात्रियों के लिए विशेष छूट की भी घोषणा की गई है. यदि एक साथ 10 या उससे अधिक टिकटों की बुकिंग कराई जाती है तो प्रत्येक यात्री को 750 रुपये तक की रियायत दी जाएगी. उन्होंने बताया कि समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इस सुविधा का लाभ मिलेगा.
इतनी सीटों पर हो चुकी है बुकिंग: राजेश कुमार ने इच्छुक यात्रियों से समय रहते बुकिंग कराने की अपील की है. अधिक जानकारी और आरक्षण के लिए यात्री 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन नंबर 8595937731 और 8595937732 पर संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि सीमित सीटों के कारण शुरुआती चरण में ही बुकिंग कराने वाले यात्रियों को प्राथमिकता मिलेगी. 690 सीट है और अब तक 350 के करीब बुकिंग हो चुकी है.
ये भी पढ़ें
बिहार में चलती ट्रेन में गोलीबारी, परिवहन विभाग की अधिकारी के पति को सीने में मारी गोली

